निर्मली. लहेरियासराय से सहरसा के बीच चलने वाली मेमू स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 63379) में रविवार को तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. ट्रेन सुबह 8:15 बजे निर्मली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02 पर पहुंची और वहां से खुलने के कुछ ही समय बाद, स्टेशन से कुछ ही दूरी पर तिलयुगा नदी के पास अचानक रुक गई. इसके बाद ट्रेन करीब साढ़े चार घंटे तक ट्रैक पर ही खड़ी रही. रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन के पेंटोग्राफ (पेंटो) का ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (ओएचई) से संपर्क टूट गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और ट्रेन पूरी तरह ठप हो गई. इस दौरान ट्रेन में मौजूद सैकड़ों यात्री गर्मी में बेहाल हो गए. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग विशेष रूप से परेशान नजर आए. सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि रेलवे की तकनीकी टीम घंटों तक मौके पर नहीं पहुंची. यात्रियों का आरोप है कि काफी देर तक उन्हें किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी गई और न ही कोई रेल कर्मी संवाद के लिए आया. आखिरकार दोपहर 12:40 बजे एक डीजल इंजन भेजा गया, जिससे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. इस पूरी घटना के कारण ट्रेन करीब 4 घंटे 25 मिनट तक बाधित रही, जिससे यात्रियों में गहरा आक्रोश देखा गया. यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ट्रेनों में सूचना प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए ताकि तकनीकी खराबी की स्थिति में यात्रियों को समय पर सटीक जानकारी मिल सके. साथ ही, वैकल्पिक व्यवस्था और त्वरित तकनीकी सहायता सुनिश्चित की जाए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
