वीरपुर (सुपौल). एसएसबी 45वीं बटालियन की बनैलीपट्टी बीओपी के जवानों ने नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा दो किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए बाइक सवार एक युवक को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई बॉर्डर पिलर संख्या 201 के समीप की गयी. जब्त गांजा और बाइक के साथ गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वीरपुर पुलिस को सौंप दिया गया. वीरपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
गुप्त सूचना पर बॉर्डर पिलर के पास बढ़ायी गयी निगरानी
जानकारी के अनुसार बनैलीपट्टी बीओपी के जवान बॉर्डर पिलर संख्या 201 के समीप ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान जवानों को सूचना मिली कि नेपाल के रास्ते मादक पदार्थ की तस्करी की जाने वाली है. सूचना के आधार पर जवानों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी.
नेपाल की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था बाइक सवार
शाम करीब आठ बजे नेपाल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया. एसएसबी जवानों ने उसे रोककर बाइक और उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से तीन प्लास्टिक की थैलियां बरामद हुईं.
जांच में गांजा निकला संदिग्ध पदार्थ
प्लास्टिक की थैलियों में भूरे रंग के सूखे पत्ते जैसा संदिग्ध पदार्थ रखा हुआ था, जो देखने में गांजा जैसा प्रतीत हो रहा था. एसएसबी जवानों ने नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से इसकी जांच की. जांच में पदार्थ गांजा पाया गया. वजन करने पर बरामद गांजा करीब दो किलोग्राम निकला.
25 वर्षीय युवक को किया गया गिरफ्तार
पकड़े गए युवक की पहचान बनैलीपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 02 निवासी 25 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है. एसएसबी ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दो किलोग्राम गांजा, बाइक संख्या BR-50AE/4125 और गिरफ्तार युवक को वीरपुर पुलिस के हवाले कर दिया.
वीरपुर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, भेजा न्यायिक हिरासत में
मामले में वीरपुर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की. इसके बाद गिरफ्तार अरुण कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
एसएसबी अधिकारियों और जवानों की टीम रही शामिल
कार्रवाई में एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट जगत्तर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रबी कर्मकार, बपन आचार्यजी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसएसबी की इस कार्रवाई से भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की सक्रियता सामने आई है.
