सुपौल में सात वर्षीय बच्ची की हत्या से सनसनी, रिश्ते में चाचा पर आरोप, पांच घंटे बाद पुलिस ने लिया हिरासत में

Supaul News: सुपौल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ खेत से घर लौट रही सात वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या कर दी गई. इस घटना ने पूरे गांव को शोक और तनाव में डाल दिया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Supaul News: सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र की परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या-08 स्थित तेलयारी टोला में गुरुवार शाम सात वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया. मृत बच्ची की पहचान शंभु साह की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं.

खेत से घर लौटने के दौरान हुआ हमला

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम शंभु साह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत से घर लौट रहे थे. बताया गया कि शंभु साह सबसे आगे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे पत्नी मंजू देवी, पुत्र आयुष कुमार और बेटी प्रीति कुमारी थी.

आरोप है कि गंगा साह के घर के पास पहुंचते ही उनके पुत्र राजू साह ने प्रीति पर कुदाल से हमला कर दिया. परिजनों का आरोप है कि हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय आरोपी के पिता के भी घटनास्थल पर मौजूद होने का आरोप लगाया गया है.

घटना के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की. इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा और अन्य सामान में आग लगा दी. बाद में उसके घर में भी आगजनी की घटना हुई.

स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया. गांव में कई थानों की पुलिस तैनात की गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.

Supaul News: पांच घंटे तक चला पुलिस का अभियान

पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद अपने घर में बंद हो गया था. करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद देर रात पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लिया. भीड़ के विरोध को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए.

आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस वाहन का पीछा किया और पथराव की भी सूचना मिली. पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए आरोपी को थाना पहुंचाया.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. देर रात फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है.

रिश्तेदारी का एंगल भी जांच के दायरे में

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी राजू साह और बच्ची के पिता शंभु साह आपस में चचेरे भाई बताए जाते हैं. इस कारण आरोपी रिश्ते में बच्ची का चाचा लगता है. पुलिस इस पारिवारिक संबंध सहित घटना के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. फिलहाल हत्या के कारण को लेकर पुलिस ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.

चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी प्रीति

प्रीति अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी. उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. मां मंजू देवी, पिता शंभु साह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. सदर अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू, एसडीपीओ राजीव रंजन समेत कई अधिकारी देर रात तक मौके पर कैंप करते रहे. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: 160 KMPH की रफ्तार से बस 60 मिनट में बिहार के इस शहर से पटना पहुंच जाएंगे आप, क्या है सरकार का प्लान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajeev kumar jha

Published by: Pratyush Prashant

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >