Supaul news: राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट:
राघोपुर (सुपौल). राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में गुरुवार को केएन डिग्री कॉलेज राघोपुर के एनएसएस सभागार में आतंकवाद विरोधी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने की, जबकि मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी राम लखन प्रसाद ने किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है. इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है. उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व आतंकवाद की चपेट में है और इसे समाप्त करने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है.
उन्होंने युवाओं से आतंकवाद के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज में शांति, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया. प्राचार्य ने कहा कि युवा वर्ग सकारात्मक सोच के साथ आगे आए तो समाज को हिंसा और कट्टरता से बचाया जा सकता है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमार अशोक ने आतंकवाद विरोधी दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से ही आतंकवाद जैसी वैश्विक समस्या का समाधान संभव है.
वहीं रामकुमार कर्ण ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से कई राष्ट्रीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवाद उन्मूलन के प्रति युवाओं को प्रेरित करना एक सराहनीय पहल है.
इस अवसर पर रामचंद्र प्रसाद यादव, राजीव कुमार, जयनंदन खिरहर, सत्यम कुमार, प्रभात कुमार, उमेश प्रसाद यादव, ललन कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे.
