त्रिवेणीगंज कॉलेज में प्रैक्टिकल फीस को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, प्राचार्य बोले- आरोप निराधार

त्रिवेणीगंज स्थित अनुपलाल यादव महाविद्यालय में बीए चौथे सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा से पहले छात्रों ने हंगामा किया. छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के नाम पर प्रत्येक छात्र से ₹300 वसूले जा रहे थे, जिसे प्राचार्य ने निराधार बताया. कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

Supaul News: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज स्थित अनुपलाल यादव महाविद्यालय में गुरुवार को बीए चौथे सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान छात्रों ने जमकर हंगामा किया. छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर प्रत्येक परीक्षार्थी से 300 रुपये मांगे जा रहे थे और राशि नहीं देने पर परीक्षा या अंक प्रभावित करने की बात कही गई. दूसरी ओर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि कुछ छात्र कॉलेज का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.

परीक्षा से पहले छात्रों का विरोध, कॉलेज परिसर में बढ़ा तनाव

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बीए चौथे सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे थे. इसी दौरान कथित अतिरिक्त शुल्क को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई.

कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई और छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की.

छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप

परीक्षार्थी उजमा प्रवीण, नेहा कुमारी, मौसम कुमारी, रितु कुमारी, अंकू कुमारी, सपना कुमारी, इशू राज, अशफाक आलम और शशिकांत कुमार सहित अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर प्रत्येक छात्र से 300 रुपये लिए जा रहे हैं.

उनका कहना था कि नामांकन के समय 600 रुपये और ट्यूशन फीस के नाम पर भी 600 रुपये पहले ही जमा किए जा चुके हैं. इसके बावजूद अब प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए अलग से राशि मांगी जा रही है.

"रुपये नहीं देने पर परीक्षा प्रभावित करने की बात कही गई"

कुछ छात्रों का आरोप है कि उनसे कहा गया कि जब तक रुपये जमा नहीं किए जाएंगे, तब तक परीक्षा नहीं देने दी जाएगी.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशि नहीं देने पर कम अंक देने, फेल करने या परीक्षा परिणाम प्रभावित करने जैसी बातें कही गईं. छात्रों के अनुसार जब वे इस मामले को लेकर प्राचार्य के पास पहुंचे, तो उन्होंने किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि की मांग से इनकार किया और दोपहर दो बजे से परीक्षा देने की बात कही.

अलग-अलग विभागों में अलग राशि मांगने का भी आरोप

कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अलग-अलग राशि मांगी जा रही है.

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान शिक्षकों की ओर से दबाव बनाया जाता है और रुपये नहीं देने पर डांट-फटकार की जाती है. कुछ छात्राओं ने होम साइंस विभाग में प्रैक्टिकल कार्य के आधार पर अंक देने को लेकर भी आपत्ति जताई.

Supaul News: आइसा छात्र नेता ने भी उठाए सवाल

आइसा छात्र नेता संतोष कुमार सियोटा ने भी कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि नामांकन और परीक्षा फॉर्म के अतिरिक्त सीआईए परीक्षा, प्रैक्टिकल और इंटर्नशिप के नाम पर भी कथित रूप से अलग-अलग राशि ली जाती है.

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि छात्रों से किसी मद में अतिरिक्त शुल्क लिया जाता है, तो उसकी रसीद नहीं दी जाती. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

प्राचार्य ने आरोपों को बताया निराधार

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने कहा कि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं.

उनके अनुसार कुछ छात्र कॉलेज का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या हुई होगी, तो उसका समाधान करने का प्रयास किया गया है और कॉलेज के हित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए गए हैं.

जांच की मांग के बीच प्रशासन पर टिकी नजर

फिलहाल मामले को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी हुई है.

अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय या संबंधित प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की जांच होती है या नहीं और यदि होती है, तो उसके बाद क्या कार्रवाई की जाती है.

प्रैक्टिकल परीक्षा में छात्रों से अवैध वसूली का आरोप, छात्रों ने महाविद्यायलय में किया हो - हंगामा  | Prabhat Khabar Network

Also Read: 28 अगस्त की आधी रात से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, 3 महीने ठप रहेगा परिचालन, 30 नवंबर से शुरू होगा स्थायी सफर

Also Read: बिहार के शिक्षा मंत्री बोले- पहले आएगा STET का रिजल्ट, TRE 4 भर्ती परीक्षा में STET पास कैंडिडेट ही बैठेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार

दीपक कुमार प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. त्रिवेणीगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >