पिपरा के निर्मली पंचायत में सड़क पर दो फीट जलजमाव, राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

पिपरा प्रखंड के निर्मली पंचायत में बारिश के कारण सड़क पर 2 फीट तक जलजमाव हो गया है. इससे स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और बाइक सवारों को भारी परेशानी हो रही है. नाली निर्माण की मांग जोर पकड़ रही है.

पिपरा प्रखंड क्षेत्र की निर्मली पंचायत के वार्ड संख्या 7 में बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. निर्मली बाजार से हरदी दुर्गा स्थान जाने वाली ग्रामीण पक्की सड़क पर दुखा मंडल और कमल मंडल के घर के समीप करीब दो फीट तक पानी जमा है. इससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और बाइक सवारों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

जल निकासी नहीं होने से सड़क बनी तालाब

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारे नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है. हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है और आवागमन बाधित हो जाता है. लगातार हो रही बारिश से स्थिति और गंभीर हो गई है.

पैदल चलना भी हुआ मुश्किल

सड़क पर जमा पानी के कारण पैदल यात्रियों, बाइक चालकों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह समस्या हर वर्ष सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

मानसून में बढ़ सकती है परेशानी

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो मानसून के दौरान इस सड़क से गुजरना लगभग असंभव हो जाएगा. इससे आसपास के गांवों के लोगों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित होंगी.

नाली निर्माण की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क किनारे जल्द नाली निर्माण कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि बारिश शुरू होते ही प्रखंड क्षेत्र की कई सड़कों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है. समय रहते समाधान नहीं हुआ तो लोगों की परेशानी और बढ़ेगी.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >