कटैया-निर्मली (सुपौल) से इंद्रभूषण की रिपोर्ट:
Supaul news: पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 427.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये आंकी जा रही है.
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि सूचना मिली थी कि मधुबनी जिले के भुतहा से भारी मात्रा में गांजा लोड कर एक पिकअप भागलपुर की ओर भेजी जा रही है. सूचना के बाद पुअनि राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में सिंहेश्वर मार्ग पर रेलवे पुल के आगे सोमवार सुबह करीब पांच बजे नाकाबंदी की गई.
इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया.
पिकअप की तलाशी लेने पर पीछे की सीट और डाला के नीचे बने गुप्त चेंबर से बोरे में पैक गांजा बरामद हुआ. इलेक्ट्रॉनिक कांटा से तौल करने पर गांजा का कुल वजन 427.95 किलोग्राम पाया गया.
पुलिस के अनुसार तस्कर गांजा को बोरे में भरकर उसके ऊपर खाली कैरेट रखकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक नहीं हो. हालांकि गुप्त सूचना और पुलिस की सतर्कता से तस्करों की योजना विफल हो गई.
गिरफ्तार तस्कर की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी उपेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा की खेप भुतहा से लेकर भागलपुर पहुंचाने जा रहा था.
पुलिस अब इस मामले में तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है. बरामद गांजा और पिकअप वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
