जिलाध्यक्ष का स्वागत करते पूर्व सैनिक | Prabhat Khabar Network

मेजर डॉ. शशि भूषण प्रसाद के आवास पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद की वार्षिक आमसभा संपन्न, नई कार्यकारिणी गठित

सुपौल में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की वार्षिक आमसभा में वीर नारियों की पेंशन, सैनिक हेल्प डेस्क के नियमित संचालन और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में नई जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया, जिसे जिला संरक्षक ने सम्मानित किया।

सुपौल. पूर्व सैनिक सेवा परिषद, सुपौल की वार्षिक आमसभा जिला संरक्षक मेजर डॉ. शशि भूषण प्रसाद के आवास पर आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला संरक्षक मेजर डॉ. शशि भूषण प्रसाद ने की, जबकि प्रदेश पर्यवेक्षक मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ. बैठक में जिले के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी.

वीर नारियों की पेंशन से लेकर सैनिक हेल्प डेस्क का मुद्दा उठा

बैठक में वीर नारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं पर चर्चा की गयी. इसके अलावा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, सहरसा के लिए जमीन आवंटन में हो रही देरी, सुपौल सैनिक हेल्प डेस्क के नियमित संचालन नहीं होने और जिला अनुश्रवण समिति में सैनिकों की भागीदारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.

ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और बेहतर अस्पताल की कमी पर चिंता

प्रमंडल स्तर पर ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और बेहतर अस्पतालों की कमी को लेकर भी सदस्यों ने चिंता जतायी. पूर्व सैनिकों ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता उनके लिए महत्वपूर्ण मुद्दा है. प्रदेश पर्यवेक्षक मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि बैठक में उठायी गयी सभी समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा.

13 सितंबर को प्रशांत किशोर से होगी बैठक

मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि 13 सितंबर को जनसुराज के संस्थापक सह बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर और पूर्व सैनिक सेवा परिषद बिहार के बीच महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. इसमें सुपौल जिला कोर टीम के सदस्य भी शामिल होंगे. बैठक में बिहार के पूर्व सैनिकों को आरक्षण, शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

नई जिला कार्यकारिणी का हुआ गठन

बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल मिश्र ने जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन और चुनाव का प्रस्ताव रखा, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया. इसके बाद ध्वनि मत से नयी जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया. नायब सूबेदार ललन कुमार तांती को अध्यक्ष, हवलदार मिथिलेश कुमार झा को उपाध्यक्ष, सार्जेंट रमन कुमार को सचिव और ऑनरेरी लेफ्टिनेंट ज्योतेंद्र नारायण वर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया.

संरक्षक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को किया सम्मानित

नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिला संरक्षक मेजर डॉ. शशि भूषण प्रसाद ने माला पहनाकर सम्मानित किया. उन्होंने नयी टीम से ईमानदारी, आपसी समन्वय और सभी को साथ लेकर संगठन के हित में काम करने की अपील की.

उन्होंने संगठन का विस्तार जिले के प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर तक करने तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर दिया. उन्होंने नयी कार्यकारिणी को अनुभवी और युवा पीढ़ी का ऊर्जावान मिश्रण बताया.

पूर्व जिलाध्यक्ष और उनकी टीम के कार्यकाल की सराहना

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर गौतम कुमार सिंह और उनकी टीम के सफल कार्यकाल तथा संगठन के प्रति समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया गया. गोविंद झा, मदन झा, राम लखन ठाकुर और विक्रम प्रसाद सिंह समेत कई वरिष्ठ सदस्यों ने बैठक को संबोधित कर महत्वपूर्ण सुझाव दिये.

दो दिवंगत पूर्व सैनिकों को दी गयी श्रद्धांजलि

बैठक के अंत में थल सेना से सेवानिवृत्त वरिष्ठ वेटेरन नायब सूबेदार दयाकांत झा (95 वर्ष), निवासी बलहा और हवलदार सुशील कुमार सिंह (65 वर्ष), निवासी बरुआरी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी. इसके बाद बैठक के समापन की घोषणा की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >