एसडीएम के निरीक्षण में अनुमंडलीय अस्पताल की खुली पोल, ड्यूटी से गायब मिले चिकित्सक व कर्मी

साफ- सफाई का नहीं रखा गया था ख्याल

– साफ- सफाई का नहीं रखा गया था ख्याल त्रिवेणीगंज. मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल का शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने किया औचक निरीक्षण. निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई, ड्यूटी व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सभी सुविधाओं में कई गंभीर खामियां सामने आई. इस दौरान बीडीओ अभिनव भारती सहित अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रसव कक्ष, आपातकालीन विभाग, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, लैब एवं वार्डों का जायजा लिया. अस्पताल परिसर और वार्डों में गंदगी व अव्यवस्था देखकर उन्होंने आउटसोर्सिंग एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई. वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही. जांच में ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में फोर्थ ग्रेड कर्मी सुनीता देवी, डेंटिस्ट डॉ कृतिका किरण और एनेस्थिसिया के डॉ नित्या झा शामिल हैं. अटेंडेंस रजिस्टर में नाम के सामने कई दिनों से कॉलम खाली पाए गए. वहीं, इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात एएनएम पूनम कुमारी के 24 दिसंबर से अनुपस्थित रहने का भी मामला सामने आया. जबकि उनका अवकाश आवेदन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था. निरीक्षण के बाद एसडीएम ने कहा कि साफ-सफाई की स्थिति चिंताजनक है. मरीजों को पर्याप्त कंबल तक उपलब्ध नहीं है. सभी अनुपस्थित डॉक्टरों, कर्मियों और लापरवाह एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >