सुपौल : पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ तेजेन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरुआरी के छात्रों ने अनूठी पहल शुरू की है. विद्यालय के इको क्लब से जुड़े छात्रों ने पौधरोपण के साथ प्लास्टिक के कम से कम उपयोग के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया है.
छात्रों ने अपने अभियान के लिए “महीने का आखिरी शनिवार, प्लास्टिक पर हमारा वार” का नारा दिया है. इसके तहत हर महीने के आखिरी शनिवार को प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया है.
छोटे प्रयास से बड़े बदलाव की उम्मीद
इको क्लब के छात्रों का मानना है कि समाज में बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे-छोटे प्रयासों से होती है. इसी सोच के साथ छात्रों ने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की.
प्लास्टिक प्रदूषण गंभीर चुनौती : नोडल शिक्षक
इको क्लब के नोडल शिक्षक सुजीत पाठक ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज गंभीर पर्यावरणीय चुनौती बन चुका है. प्लास्टिक के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी और जल के साथ-साथ जीव-जंतुओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. ऐसे में सामूहिक प्रयासों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि महीने में कम से कम एक दिन प्लास्टिक के इस्तेमाल से पूरी तरह परहेज करने की पहल लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित कर सकती है.
छात्रों की पहल सराहनीय : प्रधानाध्यापक
विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीरेन्द्र यादव ने छात्रों की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक अनूठी मुहिम है और इसमें अधिक से अधिक लोगों को शामिल होना चाहिए. यदि प्रत्येक व्यक्ति महीने में एक दिन भी प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज करे, तो प्लास्टिक कचरे को कम करने में मदद मिल सकती है.
इस अवसर पर इको क्लब के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने का सामूहिक संकल्प लिया. छात्रों की इस पहल से विद्यालय के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
