Indo-Nepal Border: वीरपुर (सुपौल). भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे सतत निगरानी अभियान के दौरान 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है. सीमा चौकी नियोर के जवानों ने नेपाल जा रही एक स्कॉर्पियो से 100 वायरलेस संचार उपकरण बरामद किए, जबकि सीमा चौकी कटैया की टीम ने एक व्यक्ति के पास से 2 लाख 63 हजार नेपाली रुपये जब्त किये.
स्कॉर्पियो से बरामद हुए 100 वायरलेस संचार उपकरण
सीमा चौकी नियोर के जवानों ने विशेष नाका जांच के दौरान नेपाल की ओर जा रही स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली. वाहन चालक ने अपनी पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के मोहनपुर निवासी देवानंद मिश्रा के रूप में बताई. तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से दो कार्टन बरामद हुए, जिनमें 50 बाओफेंग वॉकी-टॉकी और 50 बाओफेंग पोर्टेबल टू-वे रेडियो सहित कुल 100 वायरलेस संचार उपकरण मिले.
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
जांच के दौरान वाहन से महेश्वरी ट्रेड, चांदनी चौक, नई दिल्ली द्वारा जारी सेल इनवाइस और डिलीवरी स्लिप भी मिली, जो महावीर इलेक्ट्रॉनिक, कुनौली के नाम पर थी. चालक ने बताया कि वह इन उपकरणों को नेपाल पहुंचाने के बदले एक हजार रुपये पारिश्रमिक लेने वाला था. हालांकि वायरलेस उपकरणों के परिवहन के लिए आवश्यक डब्ल्यूपीसी, ईटीए अथवा अन्य वैध अनुमति पत्र वह प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद एसएसबी ने उपकरण, स्कॉर्पियो और संबंधित दस्तावेज जब्त कर आरोपी समेत अग्रिम कार्रवाई के लिए डगमारा थाना को सौंप दिया.
21 जुलाई के बाद दूसरी बड़ी बरामदगी
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि 21 जुलाई को भी सीमा क्षेत्र से वॉकी-टॉकी बरामद किया गया था. अब एक साथ 100 वायरलेस उपकरण मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन उपकरणों को कूरियर के माध्यम से सीमा क्षेत्र तक कैसे पहुंचाया गया.
कटैया चेक पोस्ट पर 2.63 लाख नेपाली रुपये जब्त
दूसरी कार्रवाई में सीमा चौकी कटैया के जवानों ने नियमित जांच के दौरान नेपाल से भारत आ रहे रविंद्र यादव को रोका. तलाशी में उसके पास से 2 लाख 63 हजार नेपाली रुपये बरामद हुए. पूछताछ के दौरान वह राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद नेपाली मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर सीमा शुल्क कार्यालय भीमनगर को सौंप दिया गया.
कमांडेंट बोले- सीमा पर निगरानी रहेगी और सख्त
Indo-Nepal Border: 45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता के साथ लगातार निगरानी अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.
