दो मोटरसाइकिल जब्त, तीन गिरफ्तार, नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया गया.
सुपौल से राजीव झा की रिपोर्ट:
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के जवानों ने लगातार चलाए जा रहे सतर्कता अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 228 किलोग्राम गांजा, 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब एवं दो मोटरसाइकिल बरामद की है. इसके साथ ही एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकियों को अवैध गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर विभिन्न स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया.
शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
सीमा चौकी नियोर ने मद्य निषेध विभाग के साथ संयुक्त गश्ती अभियान चलाया. इसी दौरान नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर सामान लेकर भारत आ रहे एक संदिग्ध युवक को जवानों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी नेपाल की ओर फरार हो गया.
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अशोक कुमार बताया. तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के अंदर छिपाकर रखी गई 27.6 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई. बरामद शराब, मोटरसाइकिल एवं आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद मद्य निषेध विभाग को सौंप दिया गया.
नाबालिग लड़की को किया गया सुरक्षित बचाव
सीमा चौकी शैलेशपुर ने जांच के दौरान एक लड़का एवं एक लड़की को संदिग्ध स्थिति में रोका. पूछताछ में लड़के ने अपना नाम राहुल कुमार बताया, जबकि उसके साथ 12 वर्षीय नाबालिग लड़की थी.
दोनों द्वारा गलत दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं सही जानकारी छिपाने पर जवानों को संदेह हुआ. गहन पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे परिवार की अनुमति के बिना घर से भागकर शादी करने के उद्देश्य से नेपाल से भारत आ रहे थे.
इसके बाद जवानों ने परिजनों से संपर्क किया और मामले की सूचना स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा मानव तस्करी विरोधी इकाई को दी. आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को भीमनगर थाना को सौंप दिया गया.
228 किलो गांजा के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार
सीमा चौकी रिफ्यूजी कॉलोनी द्वारा विशेष नाका जांच के दौरान नेपाल की ओर से आ रहे संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया गया. जवानों को देखकर कुछ लोग अंधेरे एवं मक्के की फसल का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले, लेकिन एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया.
पूछताछ में उसने अपना नाम सैयद अंसारी, निवासी सुनसरी जिला, नेपाल बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से 228 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. बाद में आरोपी एवं बरामद गांजा को वीरपुर थाना को सौंप दिया गया.
इस पूरे अभियान में निरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक प्यारे राम सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
