शादी समारोह में ग्रामीणों के लिए बन रहा था खाना सरायगढ़. प्रखंड क्षेत्र के भपटियाही पंचायत के कल्याणपुर गांव वार्ड नंबर एक में सोमवार की दोपहर अगलगी की घटना में 10 फूस और टीन के घर जल गये. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रामदेव यादव के पुत्र ज्ञान देव कुमार की सोमवार को शादी थी. शादी समारोह को लेकर करजाइन थाना क्षेत्र के बाईसी गांव बरात जाने की तैयारी चल रही थी. ग्रामीणों को खिलाने के लिए खाना बनाया जा रहा था. अचानक चूल्हे की चिंगारी से रामदेव यादव के फूस के घर में आग लगने से चार फूस की झोपड़ी, अनाज, कपड़ा, बर्तन और दरवाजे पर लगा हुआ टेंट सामग्री सहित अन्य सामग्री जलकर राख हो गया. पछिया हवा के कारण आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पड़ोस के अनीता देवी के एक फूस की झोपड़ी, कृष्णदेव यादव के दो फूस की झोपड़ी, ब्रह्मदेव यादव के दो फूस की झोपड़ी और जनक यादव के एक फूस की झोपड़ी व गाय, बकरी, बाइक, साइकिल, अनाज, कपड़ा, बर्तन सहित 10 लाख से अधिक की संपत्ति जल गये. अगलगी की घटना की सूचना पर दो दमकल गाड़ी व स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. घटना की सूचना पर राजस्व अधिकारी राकेश रंजन, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार और भपटियाही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की और पीड़ित परिवारों को सूखा राशन और पॉलीथिन शीट तत्काल वितरण किया गया. घटना को लेकर स्थानीय मुखिया विजय कुमार यादव सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली मुआवजा अविलंब दिलाने का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
