Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित सिमराही बाजार को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने इस बार अलग रणनीति अपनाई है. केवल नोटिस और कार्रवाई के बजाय एसडीएम विनय कुमार खुद सड़क पर उतरे और जनप्रतिनिधियों के साथ बाजार का पैदल भ्रमण कर दुकानदारों, फुटकर विक्रेताओं और वाहन चालकों से सीधे संवाद किया. उन्होंने 10 अगस्त तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की और साफ किया कि इसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होगी.
सिमराही बाजार लंबे समय से अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार लगने वाले जाम की समस्या से जूझ रहा है. खासकर श्रावण मास के दौरान कांवरियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो जाती है. इसी को देखते हुए प्रशासन ने जनसहभागिता आधारित अभियान शुरू किया है, ताकि बिना टकराव के बाजार को व्यवस्थित किया जा सके.
सड़क पर उतरे SDM, दुकानदारों से किया सीधा संवाद
शनिवार की शाम एसडीएम विनय कुमार ने नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों और राघोपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं के साथ पूरे सिमराही बाजार का पैदल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं और फुटकर व्यापारियों से बातचीत करते हुए सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने और निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं है, बल्कि बाजार को जाम मुक्त बनाकर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है. यदि बाजार व्यवस्थित होगा तो व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को लाभ मिलेगा.
NH-27 और NH-131 जंक्शन के आसपास बना नो-वेंडिंग जोन
एसडीएम ने बताया कि सिमराही स्थित एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन से चारों दिशाओं में 200 मीटर तक के क्षेत्र को नो-वेंडिंग जोन घोषित किया गया है. इस दायरे में दुकान लगाने, ठेला खड़ा करने या वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी.
उन्होंने लोगों से नियमों का स्वेच्छा से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि 10 अगस्त तक जागरूकता और स्वैच्छिक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलेगा. इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
11 अगस्त से होगी कार्रवाई और जुर्माना
एसडीएम विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि 10 अगस्त तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो 11 अगस्त से अवैध कब्जे हटाने, जुर्माना वसूलने और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. प्रशासन का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद यदि लोग सड़क पर कब्जा करेंगे, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने नगर पंचायत के कर्मियों को भी निर्देश दिया कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने और दुकानों के सामने कचरा फैलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए.
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का कटा चालान
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा, टेम्पू और अन्य वाहनों का चालान किया. वाहन चालकों को भविष्य में केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की हिदायत दी गई.
प्रशासन का मानना है कि सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग भी जाम की एक बड़ी वजह है और इसे नियंत्रित किए बिना बाजार को सुचारु नहीं बनाया जा सकता.
सब्जी मंडी के लिए अलग स्थान निर्धारित
मुख्य सड़क पर भीड़ कम करने के लिए प्रशासन ने सब्जी मंडी के संचालन हेतु अलग स्थान भी चिन्हित किया है. एसडीएम ने निर्देश दिया कि रविवार से सब्जी मंडी केवल चयनित स्थल पर ही संचालित की जाए, ताकि एनएच-27 और एनएच-131 जंक्शन के आसपास यातायात बाधित न हो.
इस निर्णय से बाजार क्षेत्र में भीड़ का दबाव कम होने और आम लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
Supaul News: श्रावण मास को देखते हुए विशेष निगरानी
श्रावण मास में कांवरियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह और शाम के व्यस्त समय में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. उनकी जिम्मेदारी अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की है.
अभियान के दौरान बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव, सीओ रश्मि प्रिया, नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकान्त झा, गणेश दास, मो हैयुम, मो नसीम, बबलू सादा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद प्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के मुखिया और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद
