चैती दुर्गा पूजा व रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए कड़े दिशा-निर्देश

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी भ्रामक व भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोका जा सके

निर्मली. आगामी चैती दुर्गा पूजा और रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को टीसीपी भवन में एसडीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, बीडीओ आरुषि शर्मा, सीओ विजय प्रताप सिंह, ईओ शशिकांत, सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष सियावर मंडल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसडीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसडीपीओ राजू रंजन कुमार ने भी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की. शांति समिति की बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए. कहा कि डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा. सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे. शस्त्रों का प्रदर्शन पूरी तरह वर्जित रहेगा. जुलूस की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना की जांच में सहूलियत हो. सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी भ्रामक व भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोका जा सके. किसी भी समुदाय विशेष के खिलाफ अभद्र या भड़काऊ टिप्पणियां करने पर सख्त कार्रवाई होगी. जुलूस के दौरान दूसरे समुदाय के खिलाफ नारे लगाने पर प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. बैठक में मौजूद अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >