वीरपुर: स्वच्छ और सुंदर भीमनगर के लिए सड़क पर उतरे SDM, सहरसा चौक से 200 मीटर दूर शिफ्ट होगा बस स्टैंड

अनुमंडल प्रशासन ने भीमनगर को जाम और गंदगी से मुक्त कराने की पहल तेज कर दी है. SDM ने व्यापारियों को 10 दिनों की मोहलत दी है, जिसके बाद अतिक्रमण और अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई होगी. यह पहल भीमनगर को स्वच्छ और विकसित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

स्वच्छ वीरपुर, सुंदर वीरपुर अभियान को गति देने और भारत-नेपाल सीमा से सटे प्रमुख व्यापारिक केंद्र भीमनगर को जाम व गंदगी से मुक्त कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. सोमवार की देर शाम वीरपुर अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) बसंतपुर प्रखंड के तमाम आला अधिकारियों के पूरे दलबल के साथ अचानक भीमनगर पहुंचे.

भीमनगर स्थित व्यस्ततम सहरसा चौक पर एसडीएम ने स्थानीय बस स्टैंड संचालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों के साथ करीब आधे घंटे तक सघन बैठक की. बैठक के दौरान बाजार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सख्त हिदायतें दी गईं और व्यवस्था सुधार के लिए अधिकतम 10 दिनों की मोहलत तय की गई.

200 मीटर दूर लगेगा बस और टोटो स्टैंड, सड़क पर ठेला लगाने पर रोक

सहरसा चौक पर लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से नया ट्रैफिक प्लान लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने बस स्टैंड संचालक को स्पष्ट कहा कि चौक पर बेतरतीब खड़ी होने वाली यात्री बसें अब यहां से 200 मीटर आगे निर्धारित स्थल पर लगेंगी. इसी प्रकार ई-रिक्शा (टोटो) के लिए भी आगे का स्थान तय किया गया है.

सड़क किनारे कारोबार करने वाले फल और सब्जी विक्रेताओं को मुख्य सड़क से हटकर भीतर की ओर दुकान लगाने को कहा गया है. एसडीएम ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थाई दुकान के आगे ठेला या अस्थाई काउंटर लगाने की अनुमति नहीं होगी.

शटर और नाले के भीतर ही रखें सामान, 10 दिन बाद चलेगा बुलडोजर

समीक्षा बैठक के उपरांत एसडीएम और अधिकारियों का काफिला पैदल ही सहरसा चौक से भीमनगर थाने तक निकला. इस दौरान मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर स्थित दुकानों का मुआयना किया गया और सभी व्यवसायियों को अंतिम चेतावनी दी गई.

दुकानदारों को सख्त लहजे में ताकीद की गई कि वे अपना सारा सामान नाले और दुकान के शटर के भीतर ही रखें. यदि किसी ने सड़क या नाले पर सामान फैलाया, तो 10 दिनों की मियाद पूरी होने के बाद प्रशासन न केवल सामान जब्त करेगा, बल्कि भारी जुर्माना भी लगाएगा.

भीमनगर को स्मार्ट और विकसित बनाने की वृहद योजना

एसडीएम ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करते हुए दो टूक कहा कि अपने शहर को सुंदर और विकसित बनाना केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है. उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सीमावर्ती भीमनगर को आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसकी पहली शर्त अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ सड़कें हैं.

अधिकारियों ने व्यापारियों और आम जनता से अपील की कि वे इस अभियान में टकराव के बजाय सकारात्मक सहयोग दें, ताकि बाजार में आने वाले ग्राहकों और राहगीरों को जाम से मुक्ति मिल सके.

प्रशासनिक अमला और व्यापारी वर्ग रहा मौजूद

इस व्यापक निरीक्षण और संवाद के दौरान बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, सीओ ब्रजेश कुमार सिंह, प्रखंड शिक्षा सह कल्याण पदाधिकारी बजरंग प्रताप सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अमित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार और भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार पूरी पुलिस टीम के साथ तैनात रहे.

वहीं स्थानीय व्यापारिक वर्ग की ओर से व्यापार मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, सत्यदेव साह, संतोष कुमार, सुबोध देव और रामकुमार गुप्ता सहित दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >