Supaul Fertilizer Price: वीरपुर (सुपौल). बसंतपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में मंगलवार को एसडीएम विनय कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड क्षेत्र के सभी खाद दुकानदारों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में खाद की बिक्री, किसानों की शिकायतों और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
खाद की ऊंची कीमत को लेकर लगातार मिल रही शिकायत
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि खाद की ऊंची कीमत पर बिक्री किए जाने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं. उन्होंने दुकानदारों से कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए और बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाये.एसडीएम ने कहा कि उन्हें अनुमंडल में आए करीब 25 दिन हुए हैं और इस दौरान कई बैठकों में खाद से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं. उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा कि अब इस तरह की शिकायत दोबारा नहीं मिलनी चाहिये.
कार्यशैली में बदलाव नहीं तो होगी कार्रवाई
एसडीएम ने खाद दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यशैली में आवश्यक बदलाव करें. किसानों से अधिक कीमत लेने या खाद बिक्री में अनियमितता की शिकायत मिलने पर प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा.उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर गंभीर है. दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे नियमों का पालन करते हुए किसानों को परेशानी से बचाएं.
दुकानदारों का संगठन बनाने पर बनी सहमति
बैठक के दौरान एसडीएम ने खाद दुकानदारों से उनके संगठन के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि यदि दुकानदारों का कोई संगठन नहीं है तो वे अपना संगठन बनाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे की बैठक दुकानदारों के संगठन के प्रतिनिधियों के साथ की जायेगी.बैठक समाप्त होने से पहले बसंतपुर प्रखंड के खाद दुकानदारों ने संगठन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी.
कई अधिकारी और दुकानदार रहे मौजूद
Supaul Fertilizer Price: बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार तांती, बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार, बसंतपुर पैक्स अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार खेड़वार सहित प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों खाद दुकानदार मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान
