एसडीएम के औचक निरीक्षण में पीएचसी की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी.

अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने प्रतापगंज पीएचसी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में गंदगी मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं पर जोर दिया और सुधार की उम्मीद जताई.

सुपौल : अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने सोमवार को प्रतापगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी व्यवस्था, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया.

निरीक्षण की शुरुआत चिकित्सकों के उपस्थिति पंजी की जांच से हुई. जांच में सभी चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद पाए गए, जिस पर एसडीएम ने संतोष व्यक्त किया. इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण किया. इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई.

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा परिसर में कहीं भी कूड़ा-कचरा जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल की छवि केवल चिकित्सा सेवाओं से ही नहीं, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था से भी तय होती है. मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं. साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की नियमित निगरानी और निर्धारित मानकों के पालन का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने एसडीएम को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं संचालित योजनाओं की जानकारी दी. एसडीएम ने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

एसडीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में हलचल बनी रही. वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नियमित निरीक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था में और सुधार होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सरोज कुमार

सरोज कुमार प्रिंट माध्यम में 13 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. प्रतापगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >