– एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी छातापुर थाना पुलिस ने मंगलवार पूर्वाह्न गुप्त सूचना के आधार पर 50 किलो गांजा एवं स्कॉर्पियो के साथ चालक को गिरफ्तार किया है. मामले में दिवा गश्ती पर रहे पुअनि संदीप कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस संदर्भ में त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विपीन कुमार ने थाना में प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी. बताया कि थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार को गुप्त सूचना मिली कि उजला रंग के स्कॉर्पियो से गांजा की बड़ी खेप भीमपुर से जदिया की ओर जाने वाली है. थानाध्यक्ष के द्वारा मामले की जानकारी वरीय अधिकारी सहित दिवा गश्ती वाहन पर रहे पदाधिकारी को दी गई. त्रिवेणीगंज एसडीएम के द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता के साथ सूचना का सत्यापन किया गया. सत्यापन के क्रम में राजवाड़ा के समीप एसएच 91 पर पुलिस को देखते ही चालक स्कार्पियो खड़ी कर भागने लगा. पुलिस बल ने उसे खदेड़कर दबोच लिया और स्कार्पियो की तलाशी ली गई. वाहन में दो बोरी में रखे करीब 50 किलो गाजा बरामद किया गया. गिरफ्तार चालक से गांजा किसका है और किसे पहुंचाया जा रहा था इसकी पूछताछ की जा रही है. मामले में बरामद गांजा के साथ गिरफ्तार चालक ललितग्राम थानाक्षेत्र के लक्षमीनियां वार्ड संख्या 13 निवासी मो नजीर पिता मो नसीम के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं बीआर 39- 0001 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह भी बताया कि चालक से पूछताछ व बयान के आधार पर कारोबारी को ज्ञात कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी. प्रेसवार्ता के दौरान थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार, पुअनि संदीप कुमार एवं पुलिस कर्मी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
