सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, कई विभागों के पदाधिकारी रहे नदारद

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जदिया प्रखंड में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. उम्मीदों के साथ पहुंचे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभ तो मिले, पर कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति से मायूसी छाई रही.

सुपौल : सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जदिया थाना क्षेत्र के जदिया, बघेली, कोरियापट्टी पश्चिम, नंदना, परसागढ़ी उत्तर एवं परसागढ़ी दक्षिण पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. सुबह से ही सभी शिविरों में महिलाओं, छात्र-छात्राओं, किसानों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा कर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की.

अधिकांश विभागों के अधिकारी नहीं पहुंचे

शिविर में विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी), पंचायती राज विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बिहार स्वच्छता मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आपूर्ति विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मनरेगा, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा जीविका के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. हालांकि बिजली विभाग को छोड़ अधिकांश विभागों के पदाधिकारी शिविर में नहीं पहुंचे. अधिकांश काउंटरों का संचालन विभागीय कर्मियों के भरोसे रहा. इसके कारण कई मामलों में मौके पर निर्णय लेने के बजाय आवेदन लेकर संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया, जिससे कई ग्रामीणों को तत्काल राहत नहीं मिल सकी.

विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन किए गए प्राप्त

शिविर में छात्र-छात्राओं के नामांकन, पोशाक एवं छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, कृषि एवं सिंचाई योजनाएं, पशुपालन, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली बिल सुधार, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं हटाने, राशन वितरण, मनरेगा, सहकारिता एवं जीविका समूह से संबंधित मामलों में आवेदन प्राप्त किए गए. जिन मामलों का समाधान कर्मियों के स्तर पर संभव था, उनका मौके पर निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों को जांच के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया.

लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ

जदिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन मुखिया अन्नू अग्रवाल ने किया. इस दौरान अंत्येष्टि सहायता योजना के तहत पांच लाभुकों को तीन-तीन हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई. वहीं चार लाभुकों को जन्म प्रमाण-पत्र तथा चार लाभुकों को मृत्यु प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए. कई अन्य लाभुकों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया.

बंदोबस्त पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

सहयोग शिविर का निरीक्षण बंदोबस्त पदाधिकारी बुद्धप्रकाश ने किया. उन्होंने सभी काउंटरों का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.

ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर शिविर लगने से आवेदन देने में सुविधा हुई, लेकिन अधिकांश विभागों के पदाधिकारी नहीं पहुंचने के कारण कई जटिल मामलों का मौके पर समाधान नहीं हो सका. उन्होंने भविष्य में सभी संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की.

मौके पर संजय अग्रवाल, कुंदन यादव, देवेंद्र यादव, कुलदीप मेहता, श्याम पौद्दार, कमल ठाकुर, अनिल मेहता सहित विभिन्न विभागों के कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

उमेश कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. जदिया (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >