– तीन अंतरजिला अपराधी लूटे सामान के साथ गिरफ्तार सुपौल. जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सुपौल थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया है. मंगलवार की रात सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी दुर्गा स्थान से उतर नहर पुल के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए तीन अंतरजिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने लूटी गई मोबाइल, नकद राशि सहित घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी बरामद किया है. पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि मंगलवार को रात्रि लगभग साढ़े 09 बजे दिनबंधु चौधरी हरदी दुर्गा स्थान से उतर नहर पुल के समीप जा रहे थे. इसी दौरान चार पहिया वाहन पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार का भय दिखाकर उनके पास से 1500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, चांदी का कड़ा, हेलमेट, हाथ का दस्ताना व ऊनी टोपी सहित अन्य सामान लूट लिया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बिना समय गंवाए दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया. पीड़ित से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. गठित एसआईटी द्वारा लगातार आसूचना संकलन किया गया व तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ घटना स्थल पर पाए गए साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया. टीम की कड़ी मेहनत और सटीक रणनीति के परिणाम स्वरूप घटना में संलिप्त अपराधी की पहचान सुनिश्चित की गई. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त तीन अंतरजिला अपराधियों को घटना में प्रयुक्त हुंडई कंपनी कार के साथ हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के अनमोल कुमार, सकेला वार्ड संख्या-09 निवासी आशीष कुमार व लक्ष्मीपुर मुहल्ला थाना चौक निवासी बजरंग कुमार में की गई है. पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से लूटी गई मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, एक हेलमेट, हाथ का दस्ताना, ऊनी टोपी तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई कार बरामद की गई. बरामदगी से यह स्पष्ट हो गया कि उक्त तीनों अभियुक्त ही लूट की इस घटना में प्रत्यक्ष रूप से शामिल थे. पुलिस अनुसंधान में यह भी सामने आया है कि तीनों अभियुक्त अंतरजिला स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे है. इनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए गए है. सुपौल पुलिस टीम ने लूट की इस घटना का महज 05 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है. हिरासत में लिए गए तीनों अभियुक्तों को विधि सम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. इस सफल अभियान में गठित एसआईटी टीम के सभी सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही. टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुपौल गौरव गुप्ता, अंचल पुलिस निरीक्षक संजय कुमार यादव, सुपौल थाना के थानाध्यक्ष रामसेवक रावत, पुलिस अवर निरीक्षक पिंकी कुमारी, अभिषेक कुमार, वाहिद आलम, रामबहादुर सिंह, मुकेश कुमार, डीआईयू टीम सुपौल तथा सुपौल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अधीक्षक ने इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए पूरी टीम की प्रशंसा की है. उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है. आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
