छातापुर. प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित एलएन सभागार में मंगलवार को क्षेत्रीय विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं की समीक्षा की गई. बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीपीआरओ देश कुमार, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, कार्यपालक सहायक, आईटी असिस्टेंट सहित पंचायत कर्मी शामिल हुए. बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य की गहन समीक्षा की गई. पाया गया कि प्रथम चरण में 23 में सात पंचायत में सरकार भवन निर्माण हो चुका है. तीन पंचायत छातापुर, जीवछपुर व महम्मदगंज में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. शेष 13 पंचायत में सरकार भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है. जिसमें राजेश्वरी पूर्वी एवं पश्चिमी, बलुआ, भीमपुर में ले आउट कर निर्माण कार्य शुरू किया गया है. वहीं उधमपुर, झखाडगढ, डहरिया, चरणै में ले आउट करवाकर कार्य शुरू किया जायेगा. षष्टम एवं 15वीं वित्त आयोग से ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति की क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया गया. वित्तीय वर्ष के अंदर सभी अवशेष राशि का व्यय करने एवं अधूरे योजनाओं को पूर्ण करने का आदेश दिया गया. गली नली योजना की समीक्षा पश्चात ऑडिट कराकर लंबित ऑडिट प्रतिवेदन के संदर्भ में निर्देशित किया गया. बीडीओ ने बताया कि दूसरे चरण तक पंचायतों में 1840 लाइट लगाया जाना था. जिसमें 1810 लाइट लग चुके हैं. शेष 30 लाइट लगाने के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र लिखा गया है. बीपीआरओ के भौतिक सत्यापन में 80 लाइट खराब पाया गया है. उनके द्वारा संबंधित एजेंसी को खराब पडे़ लाइट को दुरुस्त करने की बात लिखी गई है. बताया कि 23 आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 केंद्र का निर्माण कार्य लिंटर लेवल तक पहुंच चुका है. शेष केंद्रों का निर्माण आरंभ कराने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी पंचायत कर्मियों को पंचायत सरकार भवन में नियमित रूप से उपस्थिती सुनिश्चित करने के लिए सख्ती से ताकीद की गई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
