जिस भाई ने बहन को पहुंचाया ससुराल, उसी दिन उसकी मौत की खबर, निर्मली में पेड़ गिरने से हादसा

रक्षाबंधन के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना में, भाई ने अपनी बहन को ससुराल पहुंचाया, लेकिन घर लौटते समय एक विशाल पेड़ उसकी बाइक पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा परिवार की खुशियों को मातम में बदल गया.

Supaul News: बहन के हाथों राखी बंधवाने के बाद दीपक उसे ससुराल छोड़ने निकला था. बहन को सुरक्षित ससुराल पहुंचाने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने रक्षाबंधन की खुशियों को मातम में बदल दिया.

मंगलवार को निर्मली नगर के अंबेडकर चौक के समीप दुर्गा मंदिर के पास सड़क किनारे लगा विशाल कदम का पेड़ अचानक बाइक के ऊपर गिर गया. पेड़ की चपेट में आने से बाइक सवार युवक दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में उसकी अपाचे बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.

मृतक की पहचान कमरैल पंचायत के करारही वार्ड नंबर 10 निवासी सत्यनारायण चौपाल के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है.

बहन को ससुराल छोड़ने के बाद निकला था घर

परिजनों के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर दीपक की दीदी मायके आयी थीं. भाई-बहन के इस त्योहार के बाद मंगलवार को दीपक अपनी बहन को बाइक से उनकी ससुराल छजना गांव छोड़ने गया था.

बहन को ससुराल पहुंचाने के बाद दीपक अपाचे बाइक से अपने घर लौट रहा था. परिवार के लिए यह एक सामान्य सफर था. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में एक पेड़ इस सफर को दीपक की जिंदगी का आखिरी सफर बना देगा.

दीपक जैसे ही अंबेडकर चौक के समीप दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़ा विशाल कदम का पेड़ अचानक भरभराकर उसकी बाइक के ऊपर जा गिरा.

अचानक हुए हादसे में दीपक पेड़ के नीचे दब गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

रक्षाबंधन की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदलीं

जिस दिन घर-घर भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार मनाया जा रहा था, उसी दिन दीपक के परिवार में मातम पसर गया.

दीपक की बहन को क्या पता था कि जिस भाई ने कुछ देर पहले उसे रक्षाबंधन के मौके पर ससुराल पहुंचाया है, उसके बारे में थोड़ी देर बाद ऐसी खबर मिलेगी, जो पूरे परिवार को तोड़ देगी.

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. दीपक की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरा गांव सदमे में है.

रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर दिया. त्योहार की खुशियों के बीच अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

पेड़ गिरते ही मची अफरा-तफरी, मौके पर जुटे लोग

हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी.

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना निर्मली पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल था कि कुछ क्षण पहले सड़क से गुजर रहा युवक अचानक पेड़ के नीचे दब गया.

सड़क किनारे खड़े विशाल पेड़ ने खड़े किये सुरक्षा के सवाल

निर्मली के व्यस्त अंबेडकर चौक और दुर्गा मंदिर के समीप हुए इस हादसे ने सड़क किनारे खड़े विशाल पेड़ों की सुरक्षा और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कदम का पेड़ अचानक क्यों गिरा. पेड़ की स्थिति पहले से कमजोर थी या किसी अन्य वजह से वह गिरा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

ऐसे स्थानों पर सड़क किनारे खड़े बड़े पेड़ों की समय-समय पर जांच और संभावित खतरे वाले पेड़ों की पहचान करना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

Supaul News: पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा शव

थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

पुलिस घटना से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई में जुटी है. हादसे की परिस्थितियों की जानकारी भी जुटायी जा रही है.

रक्षाबंधन के दिन बहन को ससुराल पहुंचाकर घर लौट रहे दीपक की इस तरह मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस दिन भाई-बहन का रिश्ता खुशियों और स्नेह से जुड़ा था, उसी दिन एक बहन से उसका भाई हमेशा के लिए छिन गया.

Also Resd: बांका में 75 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार, मामा को भी दबोचा, निगरानी की छठी कार्रवाई से जिले में मचा हड़कंप

Also Read: पटना में शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर बैठे CTET कैंडिडेट, बोले- STET को मौका मिला तो हमें क्यों नहीं?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रमोद कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >