Road Accident: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित कुपड़िया गांव में सड़क दुर्घटना में घायल चार वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया है. मृतक के परिजन पिछले दो दिनों से शव को कथित आरोपी के घर पर रखकर मुआवजे की मांग कर रहे हैं. इस कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है और पुलिस की कानूनी प्रक्रिया भी लंबित है. एहतियातन आरोपी के घर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
सड़क किनारे खड़े मासूम को लगी टक्कर
मृतक की पहचान चंदन यादव के चार वर्षीय पुत्र दुर्लभ कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार बुधवार 22 जुलाई की दोपहर दुर्लभ अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान गांव के ही एक युवक की तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया.
सुपौल से दरभंगा रेफर, रास्ते में हुई मौत
घटना के बाद परिजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इसके बाद उसे सुपौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दरभंगा रेफर कर दिया. परिजनों का आरोप है कि दरभंगा ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गई.
एक बीघा जमीन की मांग पर अड़े परिजन
मासूम की मौत के बाद परिजन शव को कथित आरोपी के घर ले गए. उनका कहना है कि दुर्लभ परिवार का इकलौता वारिस था. परिजनों ने दावा किया कि बच्चे की मां का कुछ समय पहले ऑपरेशन हुआ था और अब वह दोबारा मां नहीं बन सकती हैं. इसी आधार पर उन्होंने मुआवजे के रूप में एक बीघा जमीन देने की मांग रखी है. उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक शव नहीं हटाया जाएगा.
आरोपी पक्ष ने लगाया अनभिज्ञता का दावा
कथित आरोपी के दादा परमेश्वरी यादव ने कहा कि उन्हें केवल दुर्घटना और बच्चे की मौत की जानकारी है. उन्होंने बताया कि घटना उन्होंने स्वयं नहीं देखी है. उनके अनुसार मृतक के परिजन शव को उनके घर लाकर रख गए, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य डर के कारण घर छोड़कर चले गए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने इसकी अनुमति नहीं दी.
पुलिस समझाने में जुटी, पिता के आने का इंतजार
Road Accident: थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और परिजनों से लगातार बातचीत की जा रही है. उन्होंने कहा कि मृतक के पिता बाहर से घर पहुंचने वाले हैं. उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई और स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
