लीची बागान में अतिक्रमण पर 59 लोगों पर प्राथमिकी

उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भविष्य में एक भव्य पार्क के निर्माण की योजना बनाई गई है

वीरपुर. नगर पंचायत वार्ड संख्या 04 स्थित लीची बागान में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण को लेकर जल संसाधन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 लोगों के विरुद्ध वीरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सरकार और जल संसाधन विभाग की भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा कर आवासीय घर, दुकान और किराए पर कमरे बना दिए गए हैं, जिससे लगातार समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. विभाग ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भविष्य में एक भव्य पार्क के निर्माण की योजना बनाई गई है. इससे पहले अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को दर्जनों बार नोटिस जारी किया गया था, अंतिम बार 18 मार्च 2025 को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था. बावजूद इसके, अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद विभाग ने विधिक कार्रवाई का रास्ता अपनाया. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और कई लोगों में डर भी व्याप्त है, फिर भी अब तक किसी ने अपनी भूमि को स्वेच्छा से खाली नहीं किया है. इस संदर्भ में पूछे जाने पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता बबन पाण्डेय ने बताया, पिछले काफी समय से अतिक्रमण हटाने को लेकर पत्राचार और नोटिस जारी किए जा रहे थे, लेकिन जब अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो विभागीय निर्णय के तहत 59 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई. यदि समय रहते अतिक्रमित क्षेत्र को खाली नहीं किया गया तो बल का प्रयोग कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि निर्धारित योजना के तहत स्थल का विकास किया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >