सुपौल में दिल्ली चोरी कांड का बड़ा खुलासा: ससुराल के भूसा घर से मिले ₹4.34 लाख कैश; जमीन खोदकर निकाले करोड़ों के हीरे-सोने के जेवर

दिल्ली में हुई चोरी के करोड़ों के सोने-हीरे के जेवरात और नकदी प्रतापगंज के सुखानगर से बरामद। पुलिस ने आरोपी के ससुर को गिरफ्तार किया, मुख्य आरोपी फरार।

सुपौल, प्रतापगंज. दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र में एक घर से चोरी किए गए सोने और हीरे के जेवरात व नकदी प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर पंचायत स्थित एक घर से बरामद किए गए हैं. दिल्ली पुलिस की सूचना पर प्रतापगंज पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर 115 आइटम सोने व हीरे के आभूषण तथा 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए. पुलिस के अनुसार बरामद जेवरात की कीमत करोड़ों रुपये में होने की संभावना है.

पांच सितंबर को दिल्ली में हुई थी चोरी

दिल्ली पुलिस के अनुसार तिमारपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के घर पांच सितंबर को चोरी हुई थी. दोनों भाइयों ने तिमारपुर थाने में मामला दर्ज कराया था. वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान घर में काम करने वाले बिहार के निर्मली थाना क्षेत्र निवासी अनिल कामैत समेत दो नौकरों की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही.

दिल्ली पुलिस ने अनिल के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस चोरी के मामले में फरार अनिल की तलाश में शनिवार को प्रतापगंज पहुंची.

ससुराल में छिपाकर रखा था चोरी का सामान

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को पता चला कि अनिल कामैत का ससुराल प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर पंचायत में है. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार से संपर्क किया. सूचना मिलने पर प्रतापगंज पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के साथ सुखानगर पहुंची और अनिल के ससुराल की घेराबंदी की.

पुलिस के पहुंचते ही अनिल मौके से भागने में सफल रहा. इसके बाद पुलिस ने उसके ससुराल में तलाशी अभियान शुरू किया.

भूसा घर से मिले 4.34 लाख रुपये

पुलिस के अनुसार घर की तलाशी के दौरान भूसा घर में छिपाकर रखे 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए गए. इसके बाद पुलिस ने घर की महिला से पूछताछ की. पूछताछ में जमीन में जेवरात गाड़कर रखे जाने की जानकारी मिलने की बात सामने आई.

जमीन खोदकर बरामद किया जेवरात से भरा बैग

महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई की. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से जेवरात से भरा एक बैग बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार बैग में सोने और हीरे के कुल 115 आइटम थे.

बरामद आभूषणों में सोने और हीरे के जेवरात शामिल हैं. पुलिस ने इनकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये में होने की संभावना जतायी है. बरामद नकदी और जेवरात को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

अनिल के ससुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मामले में अनिल के ससुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं मुख्य आरोपित अनिल कामैत पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है.

एसडीपीओ ने संयुक्त कार्रवाई की दी जानकारी

घटना की जानकारी मिलने पर वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार भी प्रतापगंज थाना पहुंचे. उन्होंने बताया कि अनिल मरौना का रहने वाला है और चोरी का सामान अपने ससुराल में छिपाकर रखा था. दिल्ली पुलिस और प्रतापगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकदी और जेवरात बरामद किए गए हैं. एसडीपीओ के अनुसार बरामद आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपये में होने की संभावना है. पुलिस अब चोरी के पूरे मामले और बरामद सामान से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सरोज कुमार

सरोज कुमार प्रिंट माध्यम में 13 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. प्रतापगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >