कैब चालक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार

22 दिसंबर 2025 को पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलपट्टी दाहा नहर के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ था

सुपौल. जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौशलपट्टी स्थित दाहा नहर के पास मिले अज्ञात शव की गुत्थी को सुपौल पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने हत्या में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान प्रदीप कुमार मेहता, पिता उमाशंकर मेहता, निवासी चरणे वार्ड संख्या 04, थाना राजेश्वरी, जिला सुपौल के रूप में हुई है, जो एक निजी कैब कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत था. गौरतलब है कि 22 दिसंबर 2025 को पिपरा थाना क्षेत्र के कौशलपट्टी दाहा नहर के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ था. पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा गया तथा पहचान के लिए शीतगृह में सुरक्षित रखा गया था. बाद में शव की शिनाख्त होने के पश्चात इस संबंध में पिपरा थाना कांड संख्या 423/25, दिनांक 23 दिसंबर 2025 दर्ज कर विधिवत अनुसंधान प्रारंभ किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल के नेतृत्व में दो विशेष अनुसंधान टीमों का गठन किया गया. इन टीमों में पिपरा थानाध्यक्ष एवं अंचल पुलिस निरीक्षक, सुपौल को शामिल किया गया, जिन्हें त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया. अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक जोकर कैब (ओपीसी) प्रालि कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था. इसके बाद गठित टीमों ने वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय आसूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया. पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई के परिणामस्वरूप हत्या में संलिप्त दो अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्तों में सावन कुमार बैसा वार्ड संख्या 10, थाना भपटियाही व संजय कुमार जीवछपुर वार्ड संख्या 08, थाना भीमपुर शामिल हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने जोकर कैब कंपनी से सिमराही से दरभंगा एवं दरभंगा से सासाराम जाने के लिए कैब बुक की थी. वे 20 दिसंबर 2025 को सिमराही से रवाना होकर 21 दिसंबर 2025 को सासाराम पहुंचे. इसके बाद उसी दिन पुनः सिमराही लौटे और 22 दिसंबर 2025 को सुपौल के लिए प्रस्थान किया. रास्ते में करिहो के पास सुनसान स्थान देखकर दोनों अभियुक्तों ने चालक प्रदीप कुमार मेहता की बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कौशलपट्टी दाहा नहर के पास फेंक दिया. हत्या के बाद वे मृतक की मारुति कंपनी की काले रंग की ईटिका कार (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 10 एडब्लू, 4190) लेकर फरार हो गए. पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >