ठंड से लोगों को नहीं मिल रही राहत, पछुआ हवा बढ़ी ठिठुरन

मजबूरन वाहन चालक दिन में भी लाइट जला कर वाहन चलाते नजर आते हैं

सुपौल. हल्की धूप निकलने के बाद भी तापमान में लगातार हो रहे गिरावट के कारण जिले में ठंड का सितम जारी है. भीषण ठंड और शीतलहरी से आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त है. गर्म कपड़ों के साथ ही अलाव का भी सहारा लिया जा रहा है. बावजूद कनकनी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इस ठंड से लोग अपने स्तर से ही अलाव का व्यवस्था कर भीषण ठंड को झेलने पर विवश दिख रहे हैं, जिससे सभी वर्ग के लोग काफी परेशान हैं. तापमान में लगातार हो रही गिरावट से लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी है. ठंड के साथ सर्द पछुआ हवा ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बुधवार को दोपहर में कुछ देर के लिए सूर्यदेव के दर्शन भी हुए, लेकिन लोगों की परेशानी फिर भी कम नहीं हुई. ठंड का प्रकोप बाजार क्षेत्र में भी दिख रहा है. बाजार में दिन के समय भी लोगों की भीड़-भाड़ कम देखी जा रही है. लोग जरूरी कार्य से ही बाहर निकल रहे हैं. ठंड में सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है. जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन-चार दिनों तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा. ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं. इधर ठंड के साथ ही घने कोहरे का भी कहर जिले में जारी है. जिसने वाहनों की रफ्तार को रोक रखा है. अहले सुबह से ही सड़कों पर घना कोहरा छाया रहता है. जिसके कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है. मजबूरन वाहन चालक दिन में भी लाइट जला कर वाहन चलाते नजर आते हैं. ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना की संभावना से बचाव हो सके. ग्रामीण क्षेत्रों में चौक-चौराहों पर अलाव जलाने की मांग जिले में जारी भीषण शीतलहर के बीच प्रशासन द्वारा चौक-चौराहों व झुग्गी झोपड़ियों में अलाव की व्यवस्था की गयी है. जिसके कारण खास तौर पर गरीब, मजदूर, रिक्सा चालकों को कुछ राहत मिल रही है. लोगों ने जिला प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौक-चौराहों पर लकड़ी उपलब्ध करवा कर अलाव जलाने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >