Supaul Road Accident: राघोपुर (सुपौल). सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत एनएच-27 पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज हायर सेंटर में चल रहा है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है.
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी 45 वर्षीय बिरजू दास के रूप में हुई है. वहीं घायलों की पहचान वार्ड संख्या-6 निवासी 24 वर्षीय मो. आलम और 28 वर्षीय मो. अकबर के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार मो. आलम और मो. अकबर बाइक से गांधीनगर से सिमराही बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान धर्मपट्टी क्रॉसिंग के पास सड़क पार कर रहे बिरजू दास को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. देर रात सदर अस्पताल सुपौल पहुंचने पर बिरजू दास की मौत हो गयी.
परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
मृतक की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि बिरजू दास ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. बिरजू दास अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गये हैं. पिता की मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
Supaul Road Accident: थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की जांच और विधिसम्मत कार्रवाई जारी है.
