दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, विधि-व्यवस्था और सुरक्षा पर दिए निर्देश

बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की

सुपौल. आगामी दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था को लेकर शनिवार को अनुमंडल सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की. बैठक में समिति के सदस्यों ने कहा कि सुपौल जिला में दुर्गा पूजा का इतिहास सदैव शांतिपूर्ण रहा है और विधि-व्यवस्था की कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है. परंपरा को कायम रखने के लिए इस वर्ष भी सतर्कता और निगरानी जरूरी होगी. समिति सदस्यों ने प्रशासन को विधि-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा को लेकर कई सुझाव दिए. पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर अमल किया जाएगा और हर संभव तैयारी की जा रही है ताकि पूजा उत्सव बिना किसी बाधा के सम्पन्न हो. बैठक में पूर्व की भांति इस वर्ष भी डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियम तोड़ने पर डीजे जब्त कर कानूनी कार्रवाई होगी. सभी थाना अध्यक्षों को पूजा समितियों को लाइसेंस संबंधी निर्देश समय पर देने को कहा गया है. भीड़भाड़ और जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. नगर परिषद कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी. संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. अनियंत्रित बाइक चालकों और उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए. विसर्जन और रावण दहन के दौरान यातायात व भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष तैयारी की जाएगी. बैठक में उपस्थित अधिकारियों और समिति सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग करें और दुर्गा पूजा के पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं. मौके पर नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव, अमर कुमार चौधरी, मो जमालउद्दीन, मकसूद आलम, प्रो निखिलेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >