– पार्श गायक अल्ताफ राजा व भोजपुर अभिनेत्री व सिंगर अक्षरा सिंह को सुनने के लिए उमड़ा सैलाब – वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी व पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का किया उद्घाटन छातापुर. प्रखंड क्षेत्र स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल रामपुर का पंचम वार्षिकोत्सव रविवार को भव्य रूप से मनाया गया. मुख्यालय बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से पश्चिम पनोरमा कैंपस में आयोजित वार्षिकोत्सव में प्रथम सत्र के सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्रों द्वारा एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुति दी गई. एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, गीत, कविता, पाठ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी, वहीं दहेज प्रथा व शराबबंदी जैसी कुरीतियों से समाज को मुक्त करने के लिए लघु नाट्य प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक भी किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. श्री मिश्रा के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की. वहीं देर शाम द्वितीय सत्र में बॉलीवुड के पार्श गायक अल्ताफ राजा एवं भोजपुरी फिल्म की अभिनेत्री व सिंगर अक्षरा सिंह सुनने के लिए चाहने वालों का सैलाब उमड़ पडा. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. मौके पर पनोरमा ग्रुप के सीएमडी सह वीआईपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने पार्टी सुप्रीमो श्री सहनी सहित अन्य नेतागण का पाग व शॉल व बुके से स्वागत किया गया. कार्यक्रम में पार्श्व गायक अल्ताफ राजा ने एक से बढ़कर एक गाने गाकर दर्शकों का मन मोह लिया. वहीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की संक्षिप्त प्रस्तुति से दर्शकों को निराशा हाथ लगी. अक्षरा ने आजु मिथिला नगरिया निहाल सखिया, चारो दुल्हा में बड़का कमाल सखिया, तनी देखल करी हमरा के कम जी न त हो जाई प्यार ए बलम जी के कुछ हिस्से ही गुणगुनाये. उन्होंने अंतिम में दर्शकों से जानकी माता और जय श्रीराम के जयकारे भी लगवाये. हालांकि गायक अल्ताफ राजा ने इश्क और प्यार का मजा लीजिए थोड़ा इंतजार का मजा लीजिए. अभी जिंदा हूं तो जी लेने दो भरी बरसात में पी लेने दो. पहले तो कभी कभी गम था अब तो हरपल तेरी याद सताती है जैसे कई गाने अपने अंदाज में गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और खूब वाहवाही लूटी. इसके अलावे सिंगर कुमार विनय एवं मो जहान ने भी सदा बहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई. छातापुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेगा वीआईपी : मुकेश मुख्य अतिथि व वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने अपने संक्षिप्त संबोधन में छातापुर विधानसभा से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी. उन्होंने कहा कि जब हमारी पार्टी से छातापुर में प्रत्याशी लांच होंगे जब वीआईपी चुनाव लडे़गी. तब आप सबों के बीच फिर से पहुंचेंगे. उन्होंने उपस्थित भीड़ से पूछा क्या आप लोग चुनाव के लिए तैयार हैं. बदलाव होगा न, देख लीजिए आपकी इतनी बड़ी संख्या में भीड़ देखकर उन्हें भरोसा हो रहा है. ऐसा न हो कि आपलोग पीछे हट जाइये. निश्चित रूप से आप अपना मन बनाइये और हम भी अपना मन बनायेंगे. हम चाहेंगे कि आप मजबूती से हमारे साथ. पार्टी के साथ पार्टी के नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं के साथ जुडे रहें. इस दौरान उन्होंने स्कूल के वार्षिकोत्सव पर प्रबंधन. स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को बधाई और शुभकामनाएं दी. गायक अल्ताफ राजा से हाथ मिलाते कहा कि जब वे बंबई में थे तो उनसे मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन आपका गाना सुनकर वे जवान हुए हैं. छातापुर को देश का सबसे समृद्ध विधानसभा बनाना मकसद : संजीव संजीव मिश्रा ने वार्षिकोत्सव में आये अतिथियों का आभार प्रकट करते छातापुर के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भविष्य की योजनाओं को बताया. कहा कि आपसबों के अपार सहयोग व स्नेह से ही हमारी कंपनी पनोरमा ग्रुप का सीमांचल इंफ्राटेक बिहार में टॉप थ्री में है. कई प्रोजेक्ट बाहर चल रहे हैं लेकिन उसके प्रोफिट को छातापुर में लगा रहे हैं. छातापुर को राज्य ही नहीं देश का सबसे विकसित व समृद्ध विधानसभा बनाना उनका सपना है. उन्होंने छातापुर में बहुत बड़ा यूनिवर्सिटी स्थापित करने का संकल्प फिर से दोहराया. कहा कि छातापुर के लिए चहुमुंखी विकास से लेकर वाॅलीवुड के एक से बढ़कर एक कलाकारों को लाकर मनोरंजन करवाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा. पूर्णिया में जो कलाकार लाते हैं उनका कार्यक्रम छातापुर में भी करवाया जाता है. जरूरत है कार्यक्रम के दौरान आपसबों का अनुशासन व शांति में सहयोग इसी तरह बना रहे. आगामी महीनों में भोजपुरी फिल्म के स्टार खेसारीलाल को छातापुर लाने की योजना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
