प्रतापगंज (सुपौल). प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख डेजी कुमारी की अध्यक्षता में हुई. बैठक की शुरुआत सचिव सह बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा द्वारा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत के साथ हुई. इसके बाद पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों और कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई.
पैक्स सदस्यों के आवेदनों का उठा मुद्दा
बैठक में पैक्स से जुड़े मुद्दे पर पूर्व प्रखंड प्रमुख भूपनारायण यादव ने पैक्स सदस्यों द्वारा दिए गए आवेदनों की जानकारी बीसीओ सितेश झा से मांगी. वहीं भवानीपुर उत्तर के मुखिया प्रताप विराजी ने किसानों का ओटीपी गिरने के बावजूद भुगतान नहीं होने का मामला उठाया.
बीसीओ के जवाब से सदस्य हुए नाराज
मामले पर बीसीओ के जवाब से पंचायत समिति के सदस्य संतुष्ट नहीं हुए. सदस्यों ने बीसीओ द्वारा कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर सदन में नाराजगी जताई. विवाद बढ़ने पर मुखिया संघ के अध्यक्ष सह सुखा नगर पंचायत के मुखिया रंजीत प्रसाद सिंह ने बैठक के बहिष्कार की बात कही.
बीडीओ के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
मामला बढ़ता देख बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने हस्तक्षेप कर सदस्यों को शांत कराया. पूर्व प्रमुख भूपनारायण यादव के आग्रह पर बीसीओ ने अपने शब्द वापस लेते हुए खेद जताया. इसके बाद सदन में स्थिति सामान्य हुई और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी.
टाइड और अनटाइड योजना से होंगे विकास कार्य
बीडीओ ने बताया कि टाइड योजना के तहत स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण, शौचालय एवं नाला निर्माण जैसे कार्य कराए जाएंगे. वहीं अनटाइड योजना से सोलर लाइट, खेल मैदान, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में चहारदीवारी और सीसीटीवी लगाने सहित अन्य विकास कार्य किए जाएंगे.
धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त
बैठक के अंत में उप प्रमुख कार्तिक किशोर भिन्डवार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इसके बाद पंचायत समिति की बैठक समाप्त हो गई.
