सुपौल नगर परिषद सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दिलेश्वर कामैत ने भाग लिया. मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव सहित सभी वार्ड पार्षदों ने सांसद का स्वागत किया. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन भी मौजूद थे. बैठक में शहर के विकास, आगामी बजट और स्वच्छता के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान वार्ड पार्षद गगन ठाकुर ने पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को उठाया. कहा, शहर में वाटर प्लांट से शुद्ध जल की आपूर्ति हो रही है, लेकिन नगर परिषद को इससे कोई आमदनी नहीं हो रही है. इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है. इस मौके पर मनीष कुमार सिंह, अनोज कुमार आय, लवली कुमारी, राजा हुसैन, मो जावेद, शिवराम यादव, शंकर राम, कंचन देवी, फरहाना सुल्तान, रेणु देवी, लक्ष्मी देवी, सरस्वती देवी, गीता सिंह, ज्योति कुमारी, जयमाला देवी, मिथिलेश कुमार, कामेश्वर पासवान, संदीप ठाकुर, बद्री ठाकुर, सुनील सिंह, अमित झा, सादिक, शंकर मंडल, बैजू चौधरी, बबलू कामत आदि मौजूद थे. शहरवासियों को मिली सुविधा: शव रखने के लिए फ्रिज समर्पित बैठक के दौरान नगर परिषद ने शहरवासियों को एक बड़ी राहत प्रदान करते हुए दो शव रखने वाले फ्रिज समर्पित किए. इस सुविधा से वैसे लोगों को मदद मिलेगी जब किसी के निधन पर उनके परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज से आने में विलंब होता है. मुख्य पार्षद ने कहा कि यह सुविधा नगर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और इसे जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. आय का मुख्य स्रोत है टैक्स : सांसद सांसद दिलेश्वर कामत ने बैठक में कहा, सुपौल नगर परिषद की स्वच्छता को लेकर राज्य और देश स्तर पर जो पहचान बनी है, उसे बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है. सरकार से मिलने वाली सहायता को सही तरीके से धरातल पर उतारना आवश्यक है. उन्होंने कहा, नगर परिषद की आय का मुख्य स्रोत टैक्स है. अगर नागरिक समय पर टैक्स का भुगतान करें, तो विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकती है. सरकार भी नगर परिषद को मिलने वाले टैक्स के आधार पर ही फंड देती है, इसलिए सभी वार्ड पार्षदों को नागरिकों को जागरूक करना चाहिए. स्वच्छता और विकास प्राथमिकता : मुख्य पार्षद बैठक में मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने स्वच्छता और विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा, सुपौल नगर परिषद ने स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य और देश में एक विशेष पहचान बनाई है. इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. योजनाओं को सही तरीके से लागू कर नगर के समग्र विकास को सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने और समय पर टैक्स का भुगतान करने की अपील की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
