नेपाल के सुनसरी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, पुलिस फायरिंग में एक की मौत, भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी

Sapaul News: नेपाल के सुनसरी जिले में डीजे बजाने को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत और 22 लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

Sapaul News: नेपाल के सुनसरी जिले में रविवार देर रात दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. हालात बेकाबू होने पर नेपाल पुलिस को पहले आंसू गैस और हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इसके बाद की गई फायरिंग में 24 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया है. वहीं, भारत-नेपाल सीमा से सटे भीमनगर और शैलेशपुर बॉर्डर पर एसएसबी ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

बोलबम यात्रा के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक संघर्ष में बदल गया. नेपाल के कई इलाकों में कर्फ्यू लागू है और भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. आखिर पूरी घटना कैसे हुई और भारतीय सीमा पर क्या असर पड़ा, जानिए पूरी रिपोर्ट.

डीजे विवाद से शुरू हुआ विवाद, हिंसा में बदला मामला

नेपाल मीडिया रिपोर्टों और सुनसरी जिला पुलिस कार्यालय की जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे बोलबम यात्रा के लिए श्रद्धालु कोसी बराज से जल भरकर डीजे के साथ कप्तानगंज चौक की ओर जा रहे थे.

इसी दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने देर रात डीजे बजाने पर आपत्ति जताई. पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, फिर हाथापाई शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया.

पुलिस फायरिंग में युवक की मौत, 22 लोग घायल

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार श्रेष्ठ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया.

बताया गया कि इसके बाद दोनों पक्षों के और लोग लाठी, डंडे, पत्थर, बांस और अन्य हथियारनुमा वस्तुओं के साथ मौके पर पहुंच गए, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए.

नेपाल मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस की फायरिंग में 24 वर्षीय ओम प्रकाश मेहता की मौत हो गई. इस घटना में 9 आम नागरिक और 13 सुरक्षाकर्मी सहित कुल 22 लोग घायल हुए हैं.

आंसू गैस और हवाई फायरिंग के बाद चली गोली

नेपाल पुलिस के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सबसे पहले आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हवाई फायरिंग की गई.

पुलिस का कहना है कि जब इसके बाद भी हालात नियंत्रण में नहीं आए और हिंसा बढ़ती गई, तब मजबूरन फायरिंग करनी पड़ी.

बाजार में तोड़फोड़ और आगजनी

पुलिस के मुताबिक, हिंसा के दौरान कप्तानगंज बाजार में कई घरों, मेडिकल सुविधाओं, वाहनों और अन्य संपत्तियों में तोड़फोड़ की गई. उपद्रवियों ने कुछ स्थानों पर आगजनी भी की.

सुनसरी के कई इलाकों में कर्फ्यू लागू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुनसरी जिला प्रशासन ने दक्षिणी क्षेत्र के कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया है.

कर्फ्यू हरिनगरा बाजार, रामनगर भुतहा, कप्तानगंज, घुसकी और देबानगंज बाजार क्षेत्रों में प्रभावी किया गया है. प्रशासन लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है.

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी अलर्ट

घटना के बाद इंडो-नेपाल बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

भीमनगर और शैलेशपुर बीओपी पर एसएसबी ने जांच अभियान तेज कर दिया है. सोमवार को आवश्यक सेवाओं और जरूरी कार्यों को छोड़कर आम लोगों की नेपाल आवाजाही पर रोक लगा दी गई.

सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.

Sapaul News: भारतीय सीमा पर क्या है असर

भीमनगर भारत-नेपाल सीमा का महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदु है, जहां से रोज बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है.

नेपाल में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी है. फिलहाल भारतीय सीमा क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखी गई है.

Also Read: जंतर-मंतर के बाद बिहार बना हॉटस्पॉट : आधी रात को जज के सामने पेशी, 87 प्रदर्शनकारियों को जेल

Also Read: क्या बांकीपुर वोटर लिस्ट में आपका नाम है? इन आसान स्टेप्स से तुरंत पता करें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >