निर्मली. नगर पंचायत निर्मली में बुधवार को जाम और अतिक्रमण के खिलाफ कार्यपालक पदाधिकारी शशिकांत के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गयी. इस दौरान दौरान सड़क और नाली पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया. उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई कि भविष्य में अतिक्रमण करने पर उन्हें जुर्माना वसूले जाएंगे और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. मालूम हो कि निर्मली नगर पंचायत क्षेत्र में सड़कों और नालियों पर अवैध तरीके से दुकान लगाने की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी. इससे न केवल नाली की सफाई प्रभावित हो रही थी, बल्कि सड़कों पर जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही थी. स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस पर सख्ती अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया. इस अभियान के तहत सड़क किनारे और नाली पर रखे गए सामान को जब्त किया गया. जब्त किए गए सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर नगर पंचायत कार्यालय भेजा गया. ईओ ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के कारण नालियों की सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे जलजमाव की स्थिति बन रही थी. इसके अलावा सड़कें संकरी हो जाने के कारण जाम की समस्या बढ़ गई थी. बताया कि यह अभियान नियमित रूप चलायी जायेगी. अतिक्रमण करने वालों का चालान काटा जाएगा. स्थानीय लोगों का कहना था कि यह कदम काफी पहले उठाया जाना चाहिए था. ताकि सड़कों पर जाम और अव्यवस्था से निजात मिल सके. इस अभियान में नगर पंचायत के जेई बिनोद चौधरी, कर्मी गोपाल चौधरी, विकास पासवान, संजय कुमार, उमेश राय, गौरव कुमार, आनंद कुमार सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
