सुपौल. प्रभात खबर डिजिटल के पत्रकार अभिषेक कुमार के साथ सहरसा सदर अस्पताल में कथित मारपीट की घटना की छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कड़ी निंदा की है. सुपौल पहुंचे विधायक ने भाजपा नेता के आवास पर कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
दोषियों पर कार्रवाई के लिए डीएम-एसपी से करेंगे बात
विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ हुई घटना में जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वह इस मामले में सहरसा के डीएम और एसपी से बात कर दोषियों पर अविलंब कार्रवाई की मांग करेंगे.
दोषी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक ने कहा कि यदि घटना में किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दोषी पाये जाने वाले लोगों को कानून के तहत जेल जाना चाहिए. विधायक ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में मीडिया के साथ खड़े हैं.
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा पर जोर
नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि पत्रकार समाज में जनसमस्याओं और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी खबरों को सामने लाने का काम करते हैं. ऐसे में पत्रकारों के साथ किसी भी तरह की हिंसा या दुर्व्यवहार की घटना गंभीर विषय है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की.