मारपीट में जख्मी अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है

जदिया. थाना क्षेत्र के परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 07 में बास जमीन पर चदरा का टट्टी लगाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है. घटना मंगलवार की बतायी जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. इस मामले को लेकर मृतक भागवत राम (51 वर्ष) की पुत्री सुलेखा देवी ने जदिया थाना में आवेदन देकर अपने ही दियाद श्रीप्रसाद राम, उनकी पत्नी केली देवी, पुत्र कुमोद उर्फ कौशल राम व सुनीता देवी को आरोपी बनाते हुए कार्रवाई की गुहार लगायी है. पुलिस को दिए गए आवेदन में सुलेखा देवी ने बताया है कि उनके हिस्से की बासडीह जमीन पर आरोपित पक्ष के लोग चदरा युक्त टाट लगा रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर जब वह वहां पहुंची और टाट लगाने का विरोध किया तो सभी आरोपी उग्र हो गए और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे. सुलेखा देवी के अनुसार शोर-शराबा सुनकर उनके पिता भागवत राम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाने लगे. इसी दौरान आरोपियों ने उनके पिता को पकड़ लिया और गला दबाते हुए मारपीट करने लगे. मारपीट में भागवत राम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया. इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल भागवत राम को इलाज के लिए रानीगंज के एक निजी अस्पताल ले गए. जहां मंगलवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर जदिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि मृतक की पुत्री के आवेदन पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >