मां वन दुर्गा मंदिर के विकास को लेकर बैठक, संरचनात्मक कार्यों और पारदर्शी दान व्यवस्था पर लिए गए बड़े फैसले

बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने की

सुपौल. सदर प्रखंड के हरदी में अवस्थित प्रसिद्ध मां वन दुर्गा मंदिर के विकास एवं भविष्य की संरचनात्मक गतिविधियों को लेकर मां वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने की. इस बैठक में मंदिर के समग्र विकास, दान की पारदर्शी व्यवस्था और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ-साथ न्यास समिति के उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सभी सदस्य उपस्थित रहे. बैठक की शुरुआत मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव द्वारा मंदिर के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने से हुई. उन्होंने दानपेटी, बैंक खाता और क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त होने वाली राशि की जानकारी सभी सदस्यों के समक्ष रखी. इस दौरान आय-व्यय की पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में बताया गया कि मां वन दुर्गा मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है, जिसके कारण बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर के विकास के लिए दान कर रहे हैं. दानपेटी के अलावा बैंक अकाउंट और क्यूआर कोड के माध्यम से भी श्रद्धालु सहयोग राशि प्रदान कर रहे हैं. अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने सुझाव दिया कि मंदिर के बैंक खाते और क्यूआर कोड की जानकारी मंदिर प्रांगण में विभिन्न प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए, ताकि श्रद्धालु आसानी से और सीधे मंदिर के खाते में दान कर सकें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर में कराए जा रहे धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा दी जा रही दान राशि को नियमित रूप से बैंक खाते में जमा कराया जाता है. साथ ही दानपेटी खोलने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ समिति सदस्यों की उपस्थिति में की जाती है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाती है, ताकि किसी प्रकार की शंका या भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो. न्यास समिति के सदस्यों ने बैठक में बताया कि कई दानदाता मंदिर के विकास कार्यों के लिए सामग्री और सहयोग राशि देने की इच्छा जता रहे हैं. इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मंदिर विकास के लिए दिए जा रहे दान को सहर्ष स्वीकार किया जाना चाहिए, ताकि मंदिर के निर्माण और विकास में आम भक्तों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का सहयोग ही मंदिर को और भव्य स्वरूप देने में सहायक होगा. बैठक में मंदिर परिसर की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई. सदस्यों ने बताया कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, दानपेटी की व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य किए जाने की आवश्यकता है. सभी सदस्यों की सहमति से समिति द्वारा सुझाए गए विकास कार्यों को अनुमोदित किया गया. अंत में सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे मंदिर के विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और श्रद्धालुओं को भी इसमें सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें. बैठक में उपाध्यक्ष हृदय नारायण एवं दयानंद भारती, सचिव अमन कुमार, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव सहित मंदिर न्यास समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >