सीएम की समृद्धि यात्रा से पहले बड़ी कार्रवाई, सुपौल बीडीओ को पद से हटाया

जिलाधिकारी सावन कुमार ने सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से उनके पद के कार्य दायित्व से मुक्त कर दिया है.

छातापुर आरडीओ प्रवीण कुमार रजक को अतिरिक्त प्रभार का आदेश

सुपौल. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित समृद्धि यात्रा कार्यक्रम से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से उनके पद के कार्य दायित्व से मुक्त कर दिया है. साथ ही उन्हें अगले आदेश तक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सुपौल में प्रतिनियुक्त किया गया है. जारी आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त सूचना के अनुसार 10 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री का सुपौल जिला में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसको लेकर जिलाधिकारी द्वारा सभी पदाधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर समृद्धि यात्रा से संबंधित कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद आठ मार्च को किसी आवश्यक कार्य के दौरान जब जिलाधिकारी द्वारा बीडीओ सुपौल के बारे में पूछा गया तो कृष्णा कुमारी बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यालय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पायी गयीं. जिसके बाद जिलाधिकारी ने इसे समृद्धि यात्रा से जुड़े कार्यों में लापरवाही मानते हुए प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल कार्रवाई की. आदेश के अनुसार छातापुर प्रखंड के ग्रामीण विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार रजक को अपने मूल कार्य के अतिरिक्त सुपौल प्रखंड के बीडीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रभार ग्रहण कर कार्यों का संचालन करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही कृष्णा कुमारी को निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब सुपौल बीडीओ का संपूर्ण प्रभार प्रवीण कुमार रजक को सौंपकर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सुपौल में अपना योगदान सुनिश्चित करें.

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम-84 एवं बिहार वित्तीय नियमावली के नियम-110 के तहत प्रवीण कुमार रजक को सुपौल बीडीओ के रूप में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की शक्ति भी प्रदान की गई है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >