रंगोली, मेंहदी व स्लोगन लेखन के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व से कराया अवगत

सुपौल जिले में मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप कार्यक्रम जोर-शोर से जारी है

सुपौल. आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025, जिसकी मतदान तिथि 11 नवम्बर 2025 निर्धारित है, को लेकर सुपौल जिले में मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप कार्यक्रम जोर-शोर से जारी है. गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में मतदाता जागरूकता से संबंधित विविध गतिविधियां आयोजित की गयी. पिपरा, किशनपुर एवं निर्मली प्रखंडों में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रखंड सभागारों में विशेष स्वीप कार्यक्रम आयोजित हुए. इन कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को स्वीप गतिविधियों के उद्देश्य, महत्व एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. अधिकारियों ने बताया कि स्वीप कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक योग्य मतदाता को मतदान प्रक्रिया से जोड़ना व शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है. इसी क्रम में बसंतपुर, राघोपुर, छातापुर, त्रिवेणीगंज, किशनपुर, मरौना एवं निर्मली प्रखंडों में आशा दीदियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी से कई रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की गयी. इन कार्यक्रमों में मतदाता जागरूकता रैली, चौपाल एवं संवाद सत्र, डोर-टू-डोर संपर्क, घर-घर जाकर मतदाता प्रेरणा संदेशों के वीडियो निर्माण, और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शामिल थी. विशेष रूप से राघोपुर प्रखंड में जीविका दीदियों ने अनोखे ढंग से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया. उन्होंने रंगोली, मेंहदी एवं स्लोगन लेखन के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया. दीदियों ने अपने हाथों पर “ वोट फोर नेशन”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे संदेशों वाली मेंहदी रचाकर मतदान के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी का परिचय दिया. जिला प्रशासन ने बताया कि स्वीप कार्यक्रम के तहत आने वाले दिनों में भी जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और विद्यालयों में ऐसी गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी ताकि आगामी चुनाव में सुपौल जिला 100 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त कर सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >