गिफ्ट आइटम की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्कर गिरफ्तार

20 किमी पीछा कर ट्रक से 5436 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त

– 20 किमी पीछा कर ट्रक से 5436 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त निर्मली. थाना क्षेत्र अंतर्गत मझारी चौक के समीप पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है. यह कार्रवाई थानाध्यक्ष सियावर मंडल के नेतृत्व में की गई, जिसमें लकड़ी से बने गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई जा रही शराब की खेप पकड़ी गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिफ्ट आइटम की आड़ में एक ट्रक के माध्यम से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मझारी चौक के पास संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने करीब 20 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा कर आखिरकार उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान ट्रक में बने लकड़ी के तहखाने से कुल 204 कार्टून में अलग-अलग ब्रांड की 5436 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई. जब्त शराब में 180 एमएल की ऑफिसर चॉइस की 864 बोतल, 180 एमएल की रॉयल ग्रीन की 2256 बोतल, 750 एमएल की 996 बोतल तथा 375 एमएल की 1320 बोतल शामिल हैं. ऊपर से ट्रक में गिफ्ट आइटम लोड कर उसे सामान्य मालवाहक वाहन दिखाने की कोशिश की गई थी. पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान बेलही किशनपुर गांव निवासी हेमंत हिमांशु, ओखला नई दिल्ली निवासी अनुज कुमार और नोएडा गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है. सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह खेप भपटियाही थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी एक चौकीदार से जुड़ी हो सकती है, जिस पर पहले भी शराब और गांजा माफियाओं को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि इस बिंदु पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. इस संबंध में निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि जब्त शराब के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी गिरफ्तार तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. वहीं सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने कहा कि शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इस बड़ी सफलता में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >