पछुआ हवा व अलाव की गर्माहट में सिमटा जनजीवन

अलाव के पास बैठ गर्म का करते हैं एहसास

ठंड का प्रकोप बरकरार: अगले दो-तीन दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी मुक्ति, पछुआ हवा ने बढ़ा रखी है ठिठुरन सुपौल. जिले में ठंड का कहर लगातार जारी है. लोगों को फिलहाल इससे राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. सुबह से शाम तक चारों ओर घनी धुंध छा जा रही है. आसमान साफ रहने के बावजूद पछुआ हवा ठिठुरन बढ़ा रही है. मौसम के इस दोहरे मिजाज ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. लोग ठंड से बचने के लिए जगह-जगह अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं. सुबह के समय घनी धुंध के कारण दृश्यता काफी कम हो जा रही है. सड़कों पर वाहन चालकों को खासा एहतियात बरतना पड़ रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण सड़कों पर धुंध की वजह से रफ्तार थमी हुई है. वहीं, कई बार धुंध छंटने के बाद आसमान साफ दिखाई देता है, लेकिन पछुआ हवा ठंड का एहसास और तेज कर देती है. वायुमंडल के ठंडा रहने से लोगों को गलन महसूस हो रही है. अलाव के पास बैठ गर्म का करते हैं एहसास शहर के प्रमुख इलाका थाना चौक, लोहिया चौक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्रों में अलाव के पास बैठे लोगों की तस्वीर आम हो गई है. सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले मजदूर, रिक्शा चालक और दुकानदार अलाव जलाकर अपने हाथ-पैर सेंकते नजर आते हैं. शाम ढलते ही ठंड और बढ़ जाती है, जिससे लोग जल्दी घरों में सिमटने को मजबूर हो रहे हैं. दिहाड़ी मजदूर की बढ़ी है परेशानी ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब, दिहाड़ी मजदूर और बुजुर्गों पर देखा जा रहा है. कई मजदूर सुबह काम पर निकलने से पहले अलाव के पास बैठकर धूप निकलने का इंतजार करते हैं. ठंड के कारण मजदूरी और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा है. वहीं, नगर परिषद द्वारा कुछ प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था नाकाफी है. कई इलाकों में अब भी अलाव की जरूरत महसूस की जा रही है. पछुआ हवा के कारण तापमान में गिरावट मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवा के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. जबकि अधिकतम तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है. साफ आसमान के कारण रात के समय ठंड और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है. गर्म कपड़ों की बढ़ी डिमांड ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. गर्म कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है. स्वेटर, जैकेट, शॉल, मफलर, मौजा और टोपी की मांग तेजी से बढ़ी है. दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है. वहीं, चाय, कॉफी और सूप की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है. ठंड से राहत पाने के लिए लोग गर्म पेय का सहारा ले रहे हैं. स्वास्थ्य के लिहाज से भी ठंड चिंता का विषय बनता जा रहा है. सरकारी और निजी अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. डॉक्टरों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाने और गर्म पानी व पेय पदार्थों का सेवन करने की अपील की गई है. मौसम के जानकारों के अनुसार अगले दो तीन दिन इसी प्रकार के मौसम रहने के आसार है. संभावना जतायी जा रही है कि जिला दंडाधिकारी ठंड में स्कूलों में बच्चों की छुट्टी के आदेश को आगे कुछ दिनों के लिए बढ़ा सकते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >