पथरा उत्तर पंचायत की ग्रामीण सड़क बनी दलदल, जलजमाव से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

सुपौल के पथरा उत्तर पंचायत में एक ग्रामीण सड़क रामदेव साह के घर से प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मण टोला तक जर्जर हो चुकी है. हल्की बारिश में जलजमाव और कीचड़ से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है. लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग की है.

Supaul Road Problem: कटैया-निर्मली (सुपौल). पिपरा प्रखंड क्षेत्र की पथरा उत्तर पंचायत के जोल्हनियां वार्ड संख्या-4 एवं 5 में रामदेव साह के घर से प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मण टोला तक जाने वाली ग्रामीण सड़क जर्जर हो चुकी है. हल्की बारिश में ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए बढ़ी मुश्किल

ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और किसान गुजरते हैं. सड़क पर कीचड़ और पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना भी कठिन हो गया है. दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा लगातार बना रहता है.

कई लोग हो चुके हैं चोटिल

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के कारण कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है.

वादे हुए, लेकिन नहीं हुआ निर्माण

ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण और विकास के कई वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद किसी जनप्रतिनिधि ने सड़क की स्थिति देखने तक की जरूरत नहीं समझी. लोगों का कहना है कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है.

ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

रामदेव साह, जय साह, गौरी साह, जुगो साह, सरयुग साह, फुलेश्वर मंडल, ब्रह्मदेव ठाकुर, कुशेश्वर सास सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और स्थायी समाधान की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों के समक्ष आंदोलन किया जायेगा.

क्या बोले बीडीओ

Supaul Road Problem: प्रखंड विकास पदाधिकारी सदरुल हसन ने बताया कि ग्रामीण पंचायत सहयोग शिविर में आवेदन दें. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें: वीरपुर में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 100 वायरलेस उपकरण और 2.63 लाख नेपाली रुपये जब्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By इंद्रभूषण कुमार

इंद्रभूषण प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. कटैया निर्मली (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >