ज्वेलरी की दुकान से 39 लाख का आभूषण चोरी, छानबीन में जुटी पुलिस

इस दौरान चोर दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए

राघोपुर. थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. थाना से करीब 500 मीटर की दूरी व बीच बाजार स्थित सर्राफ ज्वेलर्स नामक आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर व शटर काटकर चोर करीब 39 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये. इस दौरान चोर दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए. गुरुवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने जब दुकान का टूटा शटर देखा तो इसकी सूचना पीड़ित दुकानदार संतोष सर्राफ को दी. मौके पर पहुंचे दुकानदार ने चोरी की पुष्टि की और तुरंत पुलिस को जानकारी दी. जिसके करीब एक घंटे बाद राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर अनु प्रिया ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. घटना की जानकारी देते पीड़ित दुकानदार संतोष सर्राफ ने बताया कि उन्होंने पांच सितंबर को ही दुकान का शुभारंभ किया था. चोरी गये जेवरों में लगभग 05 किलो चांदी का पायल, चेन, कंगन, अंगूठी, बर्तन आदि और करीब 70 ग्राम सोना (नथिया, टॉप्स, नकमुन्नी आदि) शामिल है. हालांकि, दुकान में रखी तिजोरी को अपराधी खोल नहीं सके. घटना की सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में स्थानीय व्यापारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए. जहां स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग दहशत में है. कई लोग पलायन का मन बना रहे हैं. इस घटना से नाराज व्यापार संघ ने एक दिवसीय बाजार बंद करने का भी निर्णय लिया. हालांकि इसके बाद थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने व्यापारियों से मुलाकात कर घटना के उद्भेदन के लिए 36 घंटे का समय मांगा. जिसके बाद व्यापारियों ने 36 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि शुक्रवार शाम तक घटना का खुलासा नहीं होता है, तो शनिवार से शांतिपूर्ण तरीके से बाजार की सभी दुकानें बंद रहेंगी. पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. जिसमें सात अपराधियों को औजारों के साथ घटना को अंजाम देने के बाद सामान लेकर जाते हुए देखा गया. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वारदात रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है. इस संबंध में एसडीपीओ बीरपुर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की अनुसंधान में जुटी है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >