बाइक की डिक्की से लाखों के जेवर चोरी

दुकान खोलने में उलझे रहे दुकानदार, चोरों ने दिया घटना को अंजाम

– शातिर चोरों ने ज्वेलरी दुकान के शटर के ताले में डाला था फेवीक्विक

– दुकान खोलने में उलझे रहे दुकानदार, चोरों ने दिया घटना को अंजाम

जदिया. जदिया बाजार में हनुमान मंदिर चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलरी के समीप शुक्रवार को बाइक की डिक्की तोड़कर लाखों के जेवरात लेकर चोर फरार हो गये. जानकारी के अनुसार, दुकानदार दिलीप स्वर्णकार के पुत्र मनीष कुमार व अनिल कुमार दुकान खोलने पहुंचे थे. उन्होंने दुकान के समीप बाइक खड़ी की और शटर खोलना शुरू किया. एक ताला खोलने के बाद जब वे दूसरे ताले को खोलने लगे, तो वह नहीं खुला. बाद में पता चला कि ताले में पहले से ही फेवीक्विक डाल दिया गया था. ताला नहीं खुलने पर दोनों भाई मिलकर ताला खोलने में जुट गये. इसी बीच पहले से घात लगाये बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने मौके का फायदा उठाया और चंद पलों में बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखे जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गये. बताया जाता है कि पीड़ित परिवार कोरियापट्टी पूरब पंचायत के राजगांव वार्ड नंबर 06 का निवासी है. वे अन्य दिनों की तरह बाइक की डिक्की में जेवरात लेकर अपनी ज्वैलरी दुकान खोलने आये थे, तभी यह वारदात हुई. दुकानदार ने बताया कि डिक्की में रखे जेवरात में करीब 05 लाख रुपये मूल्य का सोना एवं 04 लाख रुपये मूल्य की चांदी शामिल थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने पहले ही पूरी योजना के तहत शटर के ताले में फेवीक्विक डाल दिया था, ताकि दुकानदार ताला खोलने में उलझे रहें और वे आसानी से वारदात को अंजाम दे सकें. घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी.

घटना को लेकर व्यवसायियों में भय

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी. आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे अपराधियों की पहचान की जा सके. दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यवसायियों में भय का माहौल है .थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >