बरसात में कीचड़ बनी गांव की राह, वर्षों से पक्की सड़क का इंतजार कर रहे कोरियापट्टी पूरब पंचायत के ग्रामीण

Supaul News : कोरियापट्टी पूरब में बारिश के मौसम में गांव की सड़कें दलदल बन जाती हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है. वर्षों से पक्की सड़क का इंतजार कर रहे लोग बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की मुश्किलों को लेकर चिंतित हैं.

Supaul News : विशुनियां में गयानंद झा के घर के समीप मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क से जुड़ने वाला यह मार्ग दूसरी ओर गजेंद्र चौधरी के घर के पास राजेश्वरी सीमा तक पहुंचता है. दो महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों को जोड़ने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों का आना-जाना होता है. इसके बावजूद वर्षों से इसका पक्कीकरण नहीं हो सका है.

बारिश में दलदल बन जाती है सड़क

मानसून की बारिश शुरू होते ही सड़क पर जलजमाव और कीचड़ का साम्राज्य फैल जाता है. जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीरों को यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां. फिसलन के कारण बाइक और साइकिल सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.

बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है. आपात स्थिति में एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती. मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मुख्य सड़क तक खाट या अन्य साधनों से ले जाना पड़ता है.

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर लगाया उपेक्षा का आरोप

ग्रामीण ग्यानंद झा ने कहा कि यह सड़क गांव की जीवनरेखा है, लेकिन वर्षों से इसकी अनदेखी की जा रही है. सोना झा ने बताया कि बरसात में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो जाता है. पप्पू चौधरी ने कहा कि सड़क बनने से दर्जनों गांवों को बेहतर संपर्क मिलेगा, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ. वहीं गुंजन चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीण चरणबद्ध आंदोलन करेंगे.

प्रशासनिक पहल का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब लोगों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर है कि आखिर इस बदहाल सड़क का पक्कीकरण कब शुरू होगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >