जदिया में जन्माष्टमी पर 201 कन्याओं ने निकाली कलश शोभायात्रा, जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजा वार्ड-13

जदिया पंचायत के वार्ड-13 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 201 कन्याओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लिए कन्याएं और श्रद्धालुओं की भीड़ ने भक्तिमय माहौल बनाया.

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को जदिया पंचायत के वार्ड-13 में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला. मेला आयोजन कमेटी की ओर से निकाली गयी भव्य कलश शोभायात्रा में 201 कन्याएं शामिल हुईं. पारंपरिक परिधान में सिर पर कलश लेकर चल रहीं कन्याओं और पीछे उमड़े श्रद्धालुओं से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. जगह-जगह जय श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा.

मेहता टोला से कीर्तन घाट तक निकली शोभायात्रा

कलश शोभायात्रा की शुरुआत मेहता टोला से हुई. शोभायात्रा मिलन चौक और हनुमान मंदिर होते हुए कीर्तन घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा. इसके बाद शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मेला स्थल पहुंची. रास्ते में स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया. शोभायात्रा में महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही.

धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया जन्मोत्सव

मेला स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये गये. इसके साथ ही जन्माष्टमी को लेकर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा. सुबह से ही मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गयी थी.

श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. शोभायात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला.

भीड़ को देखते हुए पुलिस रही मुस्तैद

शोभायात्रा और मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जदिया पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये थे. पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गयी, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

इस मौके पर जिप सदस्य पूनम कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, जदयू नेता कुलदीप मेहता, अनिल मेहता, दीपक मेहता, अरविंद यादव, सिंटू शर्मा, दिलीप ऋषिदेव, पंच लाल शर्मा समेत मेला कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उमेश कुमार यादव

उमेश कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. जदिया (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >