LPG Cylinder Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है. पिछले दो दिनों से राज्य में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है. सप्लाई प्रभावित होने की वजह से होटल और रेस्टॉरेंट कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है. दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी कई जिलों में लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.
लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं. कई जगहों पर एजेंसियों के बंद रहने से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है. सुपौल में सड़क जाम कर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं.
कई जिलों में गैस के लिए लगी लंबी कतार
राज्य के गोपालगंज, खगड़िया, औरंगाबाद, पटना और दरभंगा समेत कई जिलों में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लाइन में लग रहे हैं. पटना के जगदेव पथ स्थित एचपी गैस एजेंसी के बाहर ताला लटका मिला. लोगों का आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी ताला लगाकर चले गए. इससे वहां मौजूद उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी देखी गई. दरभंगा में भी गैस गोदाम बंद मिलने की खबर सामने आई है.
पुलिस की मौजूदगी में बांटे जा रहे सिलेंडर
कैमूर जिले के मोहनिया में हालात को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. यहां पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडर का वितरण कराया जा रहा है. ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
सुपौल में सड़क जाम कर प्रदर्शन
सुपौल जिले में गैस की कमी को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. उपभोक्ताओं ने एनएच-327E पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गैस की कालाबाजारी का आरोप लगाया. उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से उनके घरों में चूल्हा बंद पड़ा है. गैस नहीं मिलने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है.
प्रशासन को किया गया अलर्ट
इस पूरे मामले को देखते हुए स्पेशल ब्रांच के डीआईजी ने राज्य के सभी डिविजनल कमिश्नरों, रेंज के आईजी और डीआईजी के साथ-साथ सभी जिलों के डीएम और एसएसपी-एसपी को अलर्ट लेटर भेजा है. लेटर में कहा गया है कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध और तनावपूर्ण हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसी संभावना को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.
