प्रतापगंज. प्रखंड क्षेत्र के चिलौनी उत्तर पंचायत वार्ड संख्या आठ स्थित तीनटोलिया बड़ी दुर्गा मंदिर में सोमवार को करोड़ों की लागत से निर्माणाधीन मंदिर के सबसे ऊपरी हिस्से पर गुंबद व त्रिशूल की भव्य स्थापना की गयी. पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और शोभायात्रा में भक्तिमय माहौल देखने को मिला. मंदिर कमेटी व पंचायत के मुखिया सह कार्यकारी अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने जानकारी दी कि गुंबद को फूलों की माला से सजाए गए रथ पर रखकर शोभायात्रा निकाली गयी. रथ पर मां भगवती का तैलचित्र भी विराजमान था. शोभायात्रा पंचायत के विभिन्न मार्गों टेढ़ा मोड़, तीनटोलिया, भालुकूप, मझौआ, हुसैनाबाद आदि गांवों से गुजरते हुए मंदिर परिसर में पहुंची. डीजे की धुन पर मां भगवती के भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया. जिस रास्ते से रथ गुजरा, वहां लोग घरों से निकलकर मां भगवती को प्रणाम करते हुए रथ पर फूल अर्पित कर आशीर्वाद ले रहे थे. यह शोभायात्रा सुबह 10 बजे मंदिर परिसर से निकली और देर शाम लौटकर गंतव्य पर पहुंची. इसके बाद मंदिर के शीर्ष पर गुम्बद व त्रिशूल की स्थापना पुजारी आचार्य रोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ की गयी. मुख्य जजमान की भूमिका मंदिर कमेटी के सचिव राधे प्रसाद यादव ने निभायी. भव्य आयोजन में पंचायत मुखिया अनिल कुमार यादव, मंदिर कमेटी के सदस्य, सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे. इस मौके पर मिश्रीलाल यादव, सत्यदेव यादव, जयनारायण दास, महेंद्र मंडल, सुखदेव यादव, सुकनति मंडल, विनायक यादव, सुरेंद्र यादव, मुरारी यादव, शंभू यादव, राणा जी, अमोल भारती, रामसागर यादव, नीलांबर यादव समेत कई गणमान्य लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया.
बनारस से आया धातु का गुंबद
मुखिया श्री यादव ने बताया कि धातु से निर्मित गुंबद और त्रिशूल विशेष रूप से वाराणसी (बनारस) से मंगायी गयी थी, जिसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गयी है. शोभायात्रा और स्थापना समारोह पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
