– शहर में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित वीरपुर. बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने वीरपुर, भीमनगर और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी. अचानक बदले मौसम के तेवर से कई घरों के छप्पर उड़ गए, जबकि कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ टूटकर गिर पड़े, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा. बुधवार शाम तेज गरज, आंधी-तूफान और बारिश के दौरान वीरपुर थाना के ठीक बगल में एक विशाल पेड़ गिर गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. इसके अलावा विभिन्न पूजा स्थलों पर लगाए गए स्वागत द्वार भी तेज आंधी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए. तेज बारिश के कारण नगर क्षेत्र में कई जगहों पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ. सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थिति को देखते हुए गुरुवार सुबह से ही नगर पंचायत हरकत में आई और सेफ्टी टैंक के माध्यम से जल निकासी का कार्य शुरू किया गया. मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने बताया कि जिन क्षेत्रों में अधिक जलजमाव की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर पानी निकाला जा रहा है, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी तरह की दिक्कत न हो.
आंधी-बारिश का कहर: पेड़ गिरे, छप्पर उड़े
शहर में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित
